Suspicious Desi Ghee: त्योहारों से पहले स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 21,500 लीटर संदिग्ध देसी घी से भरा टैंकर किया जब्त, जांच के लिए भेजे गए सैंपल
फरीदकोट। Suspicious Desi Ghee: पंजाब के कोटकपूरा में स्वास्थ्य विभाग ने सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में संदिग्ध देसी घी से भरे टैंकर को अपने कब्जे में लिया है। टैंकर में करीब 21,500 लीटर देसी घी भरा हुआ बताया जा रहा है। यह खेप ग्रेटर नोएडा से कोटकपूरा के फरीदकोट रोड स्थित एक देसी घी फैक्ट्री में पहुंची थी।
सूचना मिलने पर देर रात पहुंची टीम
जानकारी के मुताबिक, जीएसटी विभाग के इंटेलिजेंस विंग को टैंकर के जरिए संदिग्ध देसी घी की सप्लाई किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद जीएसटी विभाग ने मामले की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दी। सूचना मिलते ही फूड कमिश्नर अमित जोशी के नेतृत्व में चंडीगढ़ से टीम कोटकपूरा पहुंची। चंडीगढ़ से आई टीम ने फरीदकोट के फूड सेफ्टी अधिकारी नवदीप सिंह चहल की टीम के साथ मिलकर फरीदकोट रोड स्थित फैक्ट्री परिसर में खड़े टैंकर की जांच की और उसे अपने कब्जे में ले लिया।
घी के सैंपल जांच के लिए भेजे गए
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने टैंकर में मौजूद देसी घी के अलग-अलग सैंपल लिए। इन नमूनों को वैज्ञानिक जांच के लिए लैब भेज दिया गया है। विभाग के मुताबिक, अब सैंपल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। फूड सेफ्टी अधिकारी नवदीप सिंह चहल ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए बताया कि टैंकर में करीब 21,500 लीटर संदिग्ध देसी घी पाया गया है। नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट के बाद तय होगी कार्रवाई
Suspicious Desi Ghee: फिलहाल टैंकर विभाग के कब्जे में है। प्राथमिक स्तर पर अधिकारियों को घी की गुणवत्ता को लेकर संदेह है, हालांकि इसकी वास्तविक स्थिति लैब रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। रिपोर्ट में यदि खाद्य मानकों का उल्लंघन या मिलावट की पुष्टि होती है, तो संबंधित पक्ष के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




