CG Rajyotsav 2026: छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 का आगाज आज से, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया करेंगे शुभारंभ
### छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 का आज से आगाज, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया करेंगे शुभारंभ
रायपुर। CG Rajyotsav 2026: छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव 2026 का आज से भव्य आगाज होने जा रहा है। नवा रायपुर स्थित मेला ग्राउंड में तीन दिवसीय राज्योत्सव का आयोजन किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया राज्योत्सव का शुभारंभ करेंगे। इस वर्ष राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है, जिसके माध्यम से महिला सशक्तिकरण और युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया जाएगा।
राज्योत्सव के दौरान प्रदेश की संस्कृति, परंपरा, विकास और उपलब्धियों की झलक देखने को मिलेगी। आयोजन में विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियां, शिल्पग्राम और सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इन प्रदर्शनियों के माध्यम से राज्य सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और विभिन्न क्षेत्रों में प्रदेश की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।
पलक मुच्छल की प्रस्तुति से सजेगी शाम
राज्योत्सव के पहले दिन पार्श्व गायिका पलक मुच्छल अपनी शानदार प्रस्तुति देंगी। उनके गीतों के जरिए दर्शकों को संगीतमय शाम का आनंद मिलेगा। इसके अलावा राज्योत्सव में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें छत्तीसगढ़ की लोक कला और लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।
3 नवंबर को अमित शाह करेंगे समापन
तीन दिवसीय राज्योत्सव का समापन 3 नवंबर को होगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समापन समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। उनके आगमन को लेकर भी तैयारियां की जा रही हैं।
CG Rajyotsav 2026: राज्योत्सव को लेकर नवा रायपुर के मेला ग्राउंड में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। राज्योत्सव के जरिए छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, विकास यात्रा और भविष्य की संभावनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा।




