
जशपुर। जिले में डेढ़ साल पहले हुई युवक की हत्या मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी मृतक के गांव के ही रहने वाले हैं। आरोपी हत्या को अंजाम देने के बाद मुंबई और अंडमान में जा छिपे थे। अब पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला बगीचा थाना क्षेत्र का है।
कदमटोली घुघरी गांव में 22 सितंबर 2020 को गांव के रहने वाले अशोक मिंज (32) की लाश मिली थी। पुलिस ने जांच की तो पता चला था कि युवक की हत्या की गई है। उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले थे। जिसके बाद पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने जब मृतक के परिजनों और गांव के लोगों से पूछताछ की, तो पता चला था कि अशोक 21 सिंतबर की शाम को अजय यादव (35) और राबर्ट कुजूर (37) के साथ दिखा था। तीनों गांव के ही छाताबर पुलिया के पास देखे गए थे। जांच में यह भी पता चला कि अशोक का दोनों से किसी बात को लेकर झगड़ा भी था। ये पता चलने के बाद पुलिस ने अजय और राबर्ट की तलाश की। लेकिन दोनों गांव से फरार हो चुके थे। जिसके बाद से ही पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।
2 जुलाई को पुलिस को मुखबिर से पता चला कि दोनों आरोपी अपने घर आए हुए हैं। इसके बाद पुलिस ने दोनों के घर में दबिश दी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों अजय और राबर्ट ने बताया कि हम मुंबई और अंडमान चले गए थे। वहीं इतने दिनों से रह रहे थे। दोनों ने बताया कि 21 सितंबर की शाम को हम शराब लेकर वापस गांव आ रहे थे। उसी वक्त हमें अशोक छाताबार पुल के पास बैठा मिला। हमने उसे देखा तो हम वहीं रुक गए थे। इसके बाद हमने साथ में शराब पी। इसी बीच अशोक राबर्ट से झगड़ने लगा कि तुमने मेरे खेत में लगे साल का पेड़ क्यों काट दिया। इसके अलावा अजय ने अशोक से किसी सरकारी जमीन में गड़े खंभे को हटाने को लेकर झगड़ना शुरू कर दिया। बात बढ़ने पर दोनों आरोपियों ने मिलकर पहले तो अशोक की पिटाई कर दी। फिर डंडे से उसे इतना मारा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। दोनों ने बताया कि हमने उसे हिलाकर देखा तो उसकी जान जा चुकी थी। जिसके बाद हम फरार हो गए थे। पुलिस ने अब दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।




