CG BREAKING:लगातार बारिश से लबालब हुआ मिनीमाता हसदेव बांगो बांध,93% पार पहुंचा जलस्तर,7 गेट खोले गए

प्रविंस मनहर/रायपुर- कोरबा,कोरिया और सरगुजा समेत आसपास के कैचमेंट क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर मिनीमाता हसदेव बांगो बांध पर दिखाई देने लगा है। लगातार बढ़ रही पानी की आवक के चलते बांध का जलभराव 93 प्रतिशत के पार पहुंच गया है। जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए बांध प्रबंधन ने पहले 3 गेट खोले थे, लेकिन पानी की आवक बढ़ने के बाद अब कुल 7 गेट खोल दिए गए हैं। वहीं, जलस्तर और पानी की आवक को देखते हुए 8वें गेट को खोलने की तैयारी भी की जा रही है। बांध के खुले हुए 7 गेटों से करीब 25 हजार क्यूसेक पानी हसदेव नदी में डिस्चार्ज किया जा रहा है। बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के चलते बांध से गिरते पानी का दृश्य बेहद आकर्षक नजर आ रहा है। इसे देखने के लिए दूर-दराज से पर्यटक भी पहुंच रहे हैं।
इधर,बांध से पानी छोड़े जाने को देखते हुए विभाग और प्रशासन ने निचले इलाकों में आने वाले संवेदनशील गांवों को अलर्ट कर दिया है। ग्रामीणों को नदी और निचले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने समेत जरूरी सावधानियां बरतने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन और बांध प्रबंधन जलाशय के जलस्तर, पानी की आवक और डिस्चार्ज पर लगातार नजर बनाए हुए है। परिस्थितियों के अनुसार आगे गेटों की संख्या और पानी के डिस्चार्ज में बदलाव किया जा सकता है।




