‘नहीं संभले, तो छिन जाएगा वोट का अधिकार’: राहुल गांधी
वोटर अधिकार यात्रा के दौरान बोले कांग्रेस नेता, 'देश का धन अडानी-अंबानी को सौंपा जा रहा है।' तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार को बताया 'खटारा'।

सीतामढ़ी/बैरगनिया: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को सीतामढ़ी के बैरगनिया में केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने लोगों को आगाह किया कि अगर वे नहीं संभले, तो उनका वोट, राशन कार्ड और जमीन के अधिकार छीन लिए जाएंगे।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार देश का पूरा धन ‘अडानी और अंबानी’ को दे रही है और गरीबों की जमीनें बड़े-बड़े उद्योगपतियों को सौंपी जा रही हैं। उन्होंने महाराष्ट्र, कर्नाटक और हरियाणा में ‘वोट की चोरी’ का दावा करते हुए कहा कि जहाँ भी नए वोटर जुड़े, वहाँ भाजपा जीती।
उन्होंने कर्नाटक का उदाहरण देते हुए बताया, “एक विधानसभा क्षेत्र में जब हमने वोटरों की जाँच की, तो एक लाख फर्जी वोटर मिले। उस क्षेत्र में भाजपा जीती थी, लेकिन जब गड़बड़ी पकड़ी गई तो आसपास के छह क्षेत्रों में कांग्रेस की जीत हुई।” राहुल ने कहा कि बिहार की जनता होशियार है और यहाँ वोट की चोरी नहीं होने देगी।
तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार को बताया ‘खटारा’

जनसभा में मौजूद बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने एनडीए सरकार को ‘खटारा’ बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब राज्य को संभालने की स्थिति में नहीं हैं। उन्होंने लोगों से ‘पढ़ाई, दवाई, सुनवाई और कार्रवाई’ के लिए अच्छी सरकार बनाने की अपील की और सत्ता बदलने पर भ्रष्टाचार खत्म करने और लाखों युवाओं को रोजगार देने का वादा किया।
भाकपा माले के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने भी वोटर लिस्ट से नाम काटे जाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि ‘विदेशी’ होने के नाम पर 65 लाख लोगों के नाम हटा दिए गए हैं, जबकि वे भारतीय नागरिक हैं। सभा का संचालन कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने किया। मंच पर वीआईपी सुप्रीमो मुकेश सहनी और अन्य नेता भी मौजूद थे।




