Raipur News: 354 नए धान खरीदी केंद्रों को मंजूरी, मंत्री दयाल दास बघेल की पहल से किसानों को मिलेगी बड़ी राहत

नवागढ़। Raipur News: किसानों की सुविधा और धान खरीदी व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री दयाल दास बघेल की पहल पर खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 और आगामी खरीफ विपणन वर्षों के लिए प्रदेश में 354 नए धान उपार्जन केंद्र खोलने की अनुमति दी गई है।
नए धान खरीदी केंद्र खुलने से किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए दूर-दराज के केंद्रों तक जाने की परेशानी कम होगी। उन्हें अपने गांव और क्षेत्र के नजदीक ही धान बेचने की सुविधा मिल सकेगी।
बेमेतरा जिले को भी मिला लाभ
इस निर्णय का लाभ बेमेतरा जिले के किसानों को भी मिलेगा। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में पिपरिया, कंदई, सांकरा, भाठासोरही, गांगपुर, लालपुर, बटार, करचुवा, मजगवां, एरमशाही और तेंदू सहित कई स्थानों पर नवीन धान उपार्जन केंद्र स्वीकृत किए गए हैं। वहीं नवागढ़ क्षेत्र में पुटपुरा, ठेंगा भाठ, बाघुल, नांदल, गाड़ामोर और तोरा सहित कई स्थानों पर नए धान खरीदी केंद्र खोले जाएंगे।
किसानों की सुविधा को प्राथमिकता
शासन के निर्देश के मुताबिक नए केंद्रों का चयन किसानों की सुविधा को ध्यान में रखकर किया जाएगा। जहां मंडी या उपमंडी प्रांगण उपलब्ध हैं, उनका उपयोग धान खरीदी के लिए करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा केंद्रों पर पर्याप्त समतल एवं ऊंची भूमि, धान के सुरक्षित भंडारण के लिए जगह और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।
नए खरीदी केंद्रों में इंटरनेट कनेक्टिविटी, बिजली एवं प्रकाश, पेयजल और किसानों की सुगम आवाजाही के लिए रास्ते की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
धान खरीदी व्यवस्था होगी और मजबूत
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल के विभाग की इस पहल से प्रदेश की धान खरीदी व्यवस्था को और अधिक किसान-केंद्रित बनाने का प्रयास किया गया है। 354 नए केंद्रों की मंजूरी से किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अधिक विकल्प और नजदीकी सुविधा मिलेगी।
Raipur News: क्षेत्र के किसानों ने नए धान खरीदी केंद्रों की स्वीकृति को किसान हित में बड़ा कदम बताते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल के प्रति आभार जताया है।




