CM Residence Security: अचानक बढ़ाई गई मुख्यमंत्री निवास की सुरक्षा, चारों गेट पर पुलिस बल तैनात, सुरक्षा व्यवस्था पहले से सख्त
हिमांशु पटेल/ रायपुर। CM Residence Security: रायपुर में कल 22 जुलाई को भाजपा और कांग्रेस के बीच जारी राजनीतिक टकराव के बीच मुख्यमंत्री निवास की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एहतियात के तौर पर मुख्यमंत्री निवास के चारों प्रवेश द्वारों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। बड़ी संख्या में पुलिस और सुरक्षा जवान पूरे परिसर की निगरानी कर रहे हैं, जबकि आने-जाने वाले लोगों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है।
दरअसल, दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी द्वारा प्रधानमंत्री आवास के घेराव के बाद भाजपा ने इसके विरोध में आज देशभर में कांग्रेस कार्यालयों का घेराव किया। रायपुर में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया, जिसके चलते शहर में राजनीतिक माहौल गर्म रहा। इसी घटनाक्रम को देखते हुए किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए मुख्यमंत्री निवास की सुरक्षा बढ़ाई गई है।
CM Residence Security: वहीं सुरक्षा एजेंसियां पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।हालांकि, मुख्यमंत्री निवास के आसपास स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक सख्त कर दी गई है। प्रशासन का कहना है कि यह कदम केवल एहतियात के तौर पर उठाया गया है, ताकि कानून-व्यवस्था पूरी तरह कायम रहे और किसी भी संभावित स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।




