Ujjain Mahakal Mandir: महाकाल मंदिर की सुरक्षा होगी हाईटेक, होटल, गेस्ट हाउस, लॉज की AI से होगी निगरानी, तैयार किया जाएगा डिजिटल रिकॉर्ड
उज्जैन। Ujjain Mahakal Mandir: विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने के लिए उज्जैन पुलिस ने आधुनिक तकनीक की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पुलिस ने ‘पुलिस AI ऐप’ लॉन्च किया है, जिसके माध्यम से मंदिर क्षेत्र से जुड़े होटल, गेस्ट हाउस, लॉज, दुकानदारों, फेरी व्यवसायियों और तिलक लगाने वाले लोगों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जा रहा है।
Ambikapur News: भीषण सड़क हादसा, बस और इनोवा की टक्कर में महिला की मौत, 7 घायल
श्रावण में शुरू हुआ विशेष पंजीयन अभियान
श्रावण माह में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए महाकाल मंदिर के आसपास संचालित होटल, फूल-प्रसादी विक्रेता और तिलक लगाने वाले व्यक्तियों का प्राथमिकता के आधार पर पंजीयन किया जा रहा है। इस प्रक्रिया में संबंधित लोगों की फोटो, मोबाइल नंबर, आधार विवरण सहित अन्य आवश्यक जानकारी दर्ज की जा रही है। साथ ही उनके आपराधिक रिकॉर्ड का भी सत्यापन किया जा रहा है।
AI और मशीन लर्निंग से होगी संदिग्धों की पहचान
पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि आगामी सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए इस सिस्टम को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग तकनीक से और अधिक उन्नत बनाया जा रहा है। भविष्य में यह तकनीक भीड़ में मौजूद संदिग्ध या आपराधिक गतिविधियों से जुड़े लोगों की पहचान करने में मदद करेगी, जिससे समय रहते कार्रवाई संभव हो सकेगी।
महाकाल लोक के बाद बढ़ा श्रद्धालुओं का दबाव
महाकाल लोक के उद्घाटन के बाद उज्जैन में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ी है। इसके साथ ही रोजगार और व्यापार के अवसर भी बढ़े हैं, जिसके चलते विभिन्न जिलों और राज्यों से बड़ी संख्या में लोग यहां व्यवसाय करने पहुंचे हैं। ऐसे में पुलिस सभी व्यवसायियों और सेवा प्रदाताओं का सत्यापित डिजिटल डेटाबेस तैयार कर रही है।
सुरक्षा व्यवस्था होगी और अधिक मजबूत
Ujjain Mahakal Mandir: पुलिस का मानना है कि तकनीक आधारित इस व्यवस्था से न केवल कानून-व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और भरोसेमंद वातावरण मिलेगा। डिजिटल रिकॉर्ड तैयार होने से किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नजर रखकर प्रभावी कार्रवाई की जा सकेगी।




