Mata Vaishno Devi: नवरात्रि पर मां वैष्णो देवी धाम में उमड़ा जनसैलाब, पहले दिन 47,346 श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
रविवार को मंदिर परिसर की यज्ञशाला में शत चंडी महायज्ञ का विधिवत शुभारंभ किया गया। माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान का उद्देश्य विश्व शांति, आपसी सद्भाव, समृद्धि और मानव कल्याण की कामना करना है। नौ दिनों तक चलने वाला यह महायज्ञ महानवमी के दिन पूर्णाहुति के साथ संपन्न होगा। महायज्ञ के शुभारंभ के अवसर पर श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सचिन कुमार वैश्य, वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
दिव्यांग भक्तों के लिए खास इंतजाम
श्राइन बोर्ड ने दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की हैं। इसके तहत निःशुल्क टट्टू और बैटरी कार सेवा उपलब्ध कराई गई है। दर्शन के दौरान जरूरतमंद श्रद्धालुओं को प्राथमिकता देने के साथ ही सहायता के लिए प्रमुख स्थानों पर हेल्प डेस्क भी बनाए गए हैं। इन सुविधाओं का उद्देश्य सभी श्रद्धालुओं के लिए यात्रा को अधिक सहज और सुविधाजनक बनाना है।
सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान
नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए कटरा से लेकर माता के भवन तक सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रमुख स्थानों पर चिकित्सा इकाइयों और आपातकालीन सहायता टीमों को तैनात किया गया है। इसके अलावा पंजीकरण, कतार व्यवस्था, ठहरने, परिवहन, स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए निगरानी व्यवस्था को मजबूत बनाया गया है।
फूलों और रोशनी से जगमगाया माता का दरबार
नवरात्रि के मौके पर माता का भवन, अटका और आसपास का क्षेत्र रंग-बिरंगे फूलों, सजावटी पंडालों और आकर्षक स्वागत द्वारों से सजाया गया है। रात में रोशनी की विशेष व्यवस्था से पूरा परिसर भव्य नजर आ रहा है। सुबह और शाम होने वाली अटका आरती के दौरान प्रसिद्ध कलाकारों की ओर से भजन और माता की भेंटें प्रस्तुत की जा रही हैं। इन धार्मिक प्रस्तुतियों से पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।
सीईओ ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा
Mata Vaishno Devi: श्राइन बोर्ड के सीईओ सचिन कुमार वैश्य ने माता के भवन और कटरा क्षेत्र का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं से बातचीत कर यात्रा संबंधी सुविधाओं की जानकारी भी ली। नवरात्रि के पहले दिन 47,346 श्रद्धालुओं के पहुंचने के साथ ही वैष्णो देवी यात्रा जारी है। श्राइन बोर्ड की ओर से दर्शन, सुरक्षा और अन्य सुविधाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।




