Raipur News: कारीगर बनकर ज्वेलरी दुकान में करता था काम, फिर सोना लेकर हुआ फरार, अब चढ़ा पुलिस के हत्थे
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur News: रायपुर में सोने की चोरी के एक मामले में पुलिस ने अंतर्राज्यीय आरोपी को राजस्थान के जोधपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी कारीगर बनकर ज्वेलरी दुकान में काम करता था और मौका पाकर 60 ग्राम कच्चा सोना लेकर फरार हो गया था। मामला गोलबाजार थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के मुताबिक, नयापारा शंकर चौक निवासी नंदकिशोर सोनी की एलजी डाई कटिंग की दुकान है। यहां आरोपी राजू डोलाई कारीगर के तौर पर काम करता था। 11 जनवरी 2026 को उसे आभूषण बनाने के लिए 60 ग्राम कच्चा सोना दिया गया था, जिसकी कीमत करीब 7 लाख 80 हजार रुपये थी। कुछ दिन बाद आरोपी काम पर आना बंद हो गया। जब दुकान की कारीगर आलमारी चेक की गई, तो सोना गायब मिला। इसके बाद गोलबाजार थाने में मामला दर्ज किया गया।
Raipur News: लंबे समय से फरार आरोपी की तलाश में पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और दस्तावेजों की जांच की। आरोपी के जोधपुर में होने की जानकारी मिलने पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और गोलबाजार पुलिस की टीम राजस्थान पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 40 ग्राम कच्चा सोना और एक मोबाइल फोन बरामद किया है, जिसकी कुल कीमत करीब 4 लाख 70 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस अब चोरी किए गए बाकी सोने और मामले में शामिल अन्य लोगों के संबंध में आरोपी से पूछताछ कर रही है।




