नक्सलियों ने सड़क निर्माण कार्य में लगी वाहनों को किया आग के हवाले, मजदूरों को दी धमकी

छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र बॉर्डर पर नक्सलियों ने सड़क निर्माण काम में लगे 4 से 5 वाहनों को आग के हवाले कर दिया है। बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने सड़क निर्माण काम में लगे मजदूरों को भी काम न करने की धमकी दी है। वारदात के बाद नक्सली जंगल की तरफ लौट गए। मौके पर पहुंची पुलिस फोर्स सर्च ऑपरेशन चला रही है। मामला भामरागढ़ थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, भमरागढ़ के हिंदूर गांव में सड़क निर्माण के काम का नक्सली लगातार विरोध कर रहे हैं। बुधवार की सुबह जंगल की तरफ से करीब 10 से 12 की संख्या में नक्सली जंगल की तरफ से पहुंचे। जिन्होंने काम कर रहे मजदूरों को काम करने से मना किया। उनसे उनके मोबाइल फोन ले लिए। फिर निर्माण काम में लगी मिक्सचर मशीन, JCB, टैक्टर समेत अन्य वाहनों के डीजल टैंक फोड़कर उसमें आग लगा दी।
वारदात के बाद नक्सलियों ने मजदूरों को सड़क निर्माण का काम न करने की धमकी भी दी है इसके बाद सारे नक्सली जंगल की तरफ लौट गए। कुछ देर बाद जब पुलिस को इस बात की जानकारी मिली तो जवान मौके पर पहुंचे। वाहनों में लगाई गई आग को बुझाया गया। बताया जा रहा है कि जिस तरफ नक्सली गए हैं उसी तरफ फोर्स भी निकली है। जवान इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।




