UP Crime News: डबल मर्डर की सनसीखेज वारदात, घर में मां की लाश, खेत में मिली बेटी की बॉडी, दोहरे हत्याकांड से मचा हड़कंप
बलिया। UP Crime News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रसड़ा थाना क्षेत्र में एक ही परिवार की महिला और उसकी बेटी की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या का मामला सामने आने से सनसनी फैल गई। सराय भारती गांव में मां का शव घर के भीतर मिला, जबकि उसकी 22 वर्षीय बेटी का शव कुछ दूरी पर धान के खेत में पड़ा मिला। दोनों के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला मानकर जांच कर रही है।
Korba News: बड़ा हादसा… तालाब में डूबने से तीन मासूमों की मौत, पूरे गांव में पसरा मातम
अलग-अलग स्थानों पर मिले मां-बेटी के शव
पुलिस के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे गांव में दो शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जांच के दौरान घर के अंदर मांति गुप्ता का शव बरामद हुआ, जबकि उनकी 22 वर्षीय बेटी गौरी की लाश घर से कुछ दूरी पर धान के खेत में मिली। गौरी दृष्टिबाधित थी। मां और बेटी के शव अलग-अलग जगहों से मिलने के बाद पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच का दायरा बढ़ा दिया है।
सिर पर मिले चोट के निशान
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों मृतकों के सिर पर किसी भारी वस्तु से चोट लगने के निशान मिले हैं। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस को आशंका है कि दोनों की हत्या की गई है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह और वारदात में इस्तेमाल हथियार के बारे में स्थिति पोस्टमार्टम तथा फोरेंसिक जांच के बाद अधिक स्पष्ट होगी।
सबूत मिटाने की कोशिश का भी संदेह
बलिया के पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के मुताबिक, घटनास्थल की शुरुआती जांच में ऐसे संकेत मिले हैं जिससे हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने या मिटाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और आसपास के क्षेत्र की भी बारीकी से पड़ताल की जा रही है।
परिवार में तीन सदस्य रहते थे
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार में मांति गुप्ता, उनके पति रामचीज गुप्ता और बेटी गौरी रहते थे। घटना के दौरान घर में कौन मौजूद था और वारदात किस समय हुई, इसे लेकर पुलिस सभी संभावित कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। पुलिस परिवार के सदस्यों के साथ-साथ आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ कर रही है, ताकि घटना से पहले की गतिविधियों के बारे में जानकारी मिल सके।
हत्या की वजह तलाश रही पुलिस
मां का शव घर के भीतर और बेटी की लाश खेत में मिलने से पुलिस के सामने कई सवाल हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि दोनों को अलग-अलग स्थानों पर क्यों ले जाया गया और क्या दोनों घटनाएं एक ही समय तथा एक ही साजिश का हिस्सा थीं। इसके अलावा पुलिस यह भी पता कर रही है कि परिवार का किसी व्यक्ति से विवाद था या नहीं और घटना के पीछे संपत्ति, पारिवारिक विवाद या किसी अन्य वजह की भूमिका तो नहीं थी।
Radha Ashtami 2026: आज या कल मनाई जाएगी राधाष्टमी ? जानिए शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और धार्मिक महत्व
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
UP Crime News: पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से जुटाए गए फोरेंसिक साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच हो रही है। मां-बेटी की हत्या किसने की और वारदात के पीछे क्या वजह थी, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद होने की उम्मीद है।




