UP Accident: पलक झपकते ही तबाह हुआ हंसता-खेलता परिवार, भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत, 2 की हालत गंभीर
जानकारी के मुताबिक, हादसे के वक्त ओमनी कार में कुल आठ लोग सवार थे। ट्रेलर से टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनमें एक ही परिवार के पांच सदस्य शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं, दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
यह दुर्घटना हाटा कोतवाली क्षेत्र के थरुआडीह के पास नेशनल हाईवे-28 पर हुई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस के साथ मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से क्षतिग्रस्त कार में फंसे शवों को बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया दुख
कुशीनगर में हुए इस भीषण हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने और राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और उनके समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा है। साथ ही, शोक संतप्त परिवारों को हरसंभव सहायता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने हादसे में घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।
टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी, सामने आया हादसे का वीडियो
UP Accident: हादसे के बाद घटनास्थल का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें दुर्घटनाग्रस्त ओमनी कार की भयावह स्थिति दिखाई दे रही है। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और आसपास सामान बिखरा पड़ा नजर आया। दुर्घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।




