Bhopal Crime News: दिल दहला देने वाली वारदात…एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत, रेलवे ट्रैक पर मिला घर के मुखिया का शव, मचा हड़कंप
रेलवे ट्रैक पर शव मिलने से खुला मामला
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सुबह रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान नरेंद्र साहू के रूप में की। इसके बाद जब पुलिस मालीखेड़ी स्थित उसके घर पहुंची, तो वहां परिवार के चार अन्य सदस्यों के शव मिले। घर के अंदर मिले सभी शवों पर गले में धारदार हथियार से वार किए जाने के निशान थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मौके पर जांच शुरू की और साक्ष्य जुटाए। एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत की खबर से इलाके में दहशत और शोक का माहौल बन गया।
20 से 30 लाख रुपये के कर्ज की बात आई सामने
इस मामले में आर्थिक परेशानी का पहलू भी सामने आया है। आजतक से बातचीत में निशातपुरा के एसीपी शशांक जैन ने बताया कि शुरुआती जांच में परिवार पर कर्ज होने की जानकारी मिली है। सूत्रों के मुताबिक, परिवार पर करीब 20 से 30 लाख रुपये का कर्ज बताया जा रहा है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि नरेंद्र साहू ने कुछ लोगों से पैसे उधार लिए थे। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि परिवार आर्थिक दबाव के कारण परेशान था या उसे किसी कर्जदाता अथवा अन्य व्यक्ति की ओर से धमकियां मिल रही थीं।
15 दिन पहले बंद हो गया था रेस्टोरेंट
जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई है कि नरेंद्र साहू अपना रेस्टोरेंट चलाते थे, लेकिन करीब 15 दिन पहले ही इसे बंद करना पड़ा था। इसके बाद से परिवार की आर्थिक स्थिति खराब होने की बात कही जा रही है। बताया जा रहा है कि नरेंद्र का परिवार लगभग एक साल पहले ही मालीखेड़ी इलाके में रहने आया था और किराए के मकान में रह रहा था। रेस्टोरेंट बंद होने के बाद कारोबार और कर्ज से जुड़ी परेशानियां बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
हत्या और आत्महत्या की आशंका, पुलिस कर रही जांच
Bhopal Crime News: पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि नरेंद्र साहू ने घर में सो रहे परिवार के चार सदस्यों पर धारदार हथियार से हमला किया। इसके बाद वह मकान से करीब 500 मीटर दूर रेलवे ट्रैक पर पहुंचा, जहां उसका शव बरामद हुआ। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस आर्थिक लेन-देन, कर्ज की स्थिति, संभावित धमकियों और पारिवारिक परिस्थितियों समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। परिवार के अन्य सदस्यों और परिचितों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही इस दर्दनाक घटना की पूरी तस्वीर साफ हो पाएगी।



