Raipur Accident: चोकरधानी रेस्टोरेंट में बड़ा हादसा, इवेंट के लिए तैयार शेड तूफान से हुआ धराशायी, कई कारे दबी

हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur Accident: राजधानी रायपुर से कल एक तेज आंधी और बारिश के बीच एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। तेलीबांधा थाना क्षेत्र स्थित चोकरधानी रेस्टोरेंट में एक इवेंट के लिए लगाया गया अस्थायी वाटरप्रूफ शेड अचानक तेज तूफान के चलते भरभराकर गिर पड़ा। गनीमत रही कि उस समय मौजूद कई महिलाएं, बच्चे और अन्य लोग समय रहते वहां से हट गए, जिससे जनहानि नहीं हुई। हालांकि शेड नीचे खड़ी कई कारों पर गिर गया, जिससे वाहनों को नुकसान पहुंचा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज हवा के कारण शेड का संतुलन बिगड़ा और कुछ ही सेकंड में पूरी संरचना धराशायी हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और संबंधित टीम मौके पर पहुंची तथा स्थिति का जायजा लिया।
Raipur Accident: यह घटना एक बार फिर चेतावनी देती है कि बारिश और तूफान के मौसम में टेंट, पंडाल और अस्थायी शेड जैसी संरचनाएं गंभीर खतरा बन सकती हैं। ऐसे आयोजनों में सुरक्षा मानकों का पालन, मजबूत स्ट्रक्चर, मौसम की निगरानी और समय-समय पर तकनीकी जांच बेहद जरूरी है। थोड़ी सी लापरवाही कभी भी बड़े हादसे में बदल सकती है। फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन कई वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं।




