Advertisement
ट्रेंडिंग-न्यूज़देशबड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़

Bank Strike 2026: बैंक कर्मचारियों की हड़ताल, अगले 5 दिनों तक बंद रहेंगे बैंक, आज ही निपटा लें जरूरी काम

नई दिल्ली। Bank Strike 2026: देशभर के बैंक ग्राहकों के लिए सितंबर के आखिरी दिनों में बैंकिंग सेवाओं को लेकर अहम खबर है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28, 29 और 30 सितंबर 2026 को तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल का आह्वान किया है। 22 सितंबर को हुई बातचीत के बाद भी हड़ताल टालने पर सहमति नहीं बनी और UFBU ने आंदोलन जारी रखने की बात कही है।

इस हड़ताल का सबसे ज्यादा असर उन कामों पर पड़ सकता है, जिनके लिए बैंक शाखा में जाकर कर्मचारियों की मदद लेना जरूरी होता है। हालांकि ATM, UPI, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं उपलब्ध रहने की उम्मीद है। बैंकों ने भी ग्राहकों को जरूरी काम पहले निपटाने और वैकल्पिक माध्यमों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।

Ganesh Visarjan 2026: बप्पा को विदाई देते समय जरूर करें इन मंत्रों का जाप, बरसेगी श्री गणेश की कृपा

क्यों हो रही है बैंक कर्मचारियों की हड़ताल?

बैंक यूनियनों की प्रमुख मांग पांच दिवसीय बैंकिंग वर्किंग लागू करने की है। UFBU का कहना है कि पांच दिन के बैंकिंग सप्ताह को लेकर मार्च 2024 में हुए वेतन समझौते में सहमति बनी थी, लेकिन इसका कार्यान्वयन अभी तक नहीं हुआ है। सरकार की ओर से कहा गया है कि इस मुद्दे पर संबंधित पक्षों के विचारों को ध्यान में रखते हुए विचार किया जा रहा है।

इसके अलावा बैंक यूनियनों की ओर से पेंशन को अपडेट करने, पेंशनर्स के लिए महंगाई भत्ते की समान व्यवस्था और NPS के दायरे में आने वाले कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना में जाने का विकल्प देने जैसी मांगें भी उठाई गई हैं। इससे पहले UFBU से संबद्ध यूनियनों ने 11 सितंबर 2026 को भी देशव्यापी हड़ताल की थी।

26 सितंबर से लगातार पांच दिन प्रभावित हो सकती हैं बैंक शाखाएं

इस प्रस्तावित हड़ताल का समय ग्राहकों के लिए महत्वपूर्ण है। 26 सितंबर को चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार है। इसके बाद 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन हड़ताल प्रस्तावित है। ऐसे में कुछ बैंक शाखाओं में 26 सितंबर से 30 सितंबर तक लगातार पांच दिनों तक सामान्य ब्रांच सेवाएं प्रभावित रहने की स्थिति बन सकती है। हालांकि वास्तविक असर बैंक और शाखा में कर्मचारियों की भागीदारी पर निर्भर करेगा।  30 सितंबर बैंकिंग क्षेत्र के लिए छमाही वित्तीय समापन का दिन भी है, इसलिए उस तारीख को बैंकिंग गतिविधियों का महत्व अधिक रहता है।

सरकार ने बैंक अधिकारियों के साथ की बैठक

हड़ताल से बैंकिंग सेवाओं पर असर कम करने के लिए वित्त मंत्रालय की ओर से सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों के अधिकारियों के साथ बैठक की गई। इसमें हड़ताल की स्थिति में जरूरी बैंकिंग सेवाओं को जारी रखने और ग्राहकों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था पर चर्चा हुई।

22 सितंबर की सुलह बैठक में UFBU, इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA), वित्तीय सेवा विभाग और बैंक प्रबंधन के प्रतिनिधि शामिल हुए थे। सरकार की ओर से हड़ताल स्थगित करने की अपील की गई, लेकिन UFBU ने ठोस प्रगति नहीं होने का हवाला देते हुए हड़ताल जारी रखने की बात कही।

SBI समेत कई बैंकों ने ग्राहकों को किया अलर्ट

हड़ताल को देखते हुए SBI और अन्य सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने ग्राहकों को पहले से जरूरी बैंकिंग कार्य पूरा करने की सलाह दी है। SBI ने कहा है कि हड़ताल के दौरान आवश्यक सेवाएं उपलब्ध रखने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन ग्राहकों को वैकल्पिक बैंकिंग चैनलों का इस्तेमाल करना चाहिए। ब्रांच में होने वाले जरूरी काम, जैसे कर्मचारी की सहायता या दस्तावेजों से जुड़े कार्य, हड़ताल की वजह से प्रभावित हो सकते हैं। इसलिए ऐसे कामों को 28 सितंबर से पहले पूरा करना बेहतर रहेगा।

ATM और UPI चलेगा या नहीं?

हड़ताल का मतलब यह नहीं है कि बैंकिंग की सभी सेवाएं बंद हो जाएंगी। बैंकों की ओर से ग्राहकों को ATM, ADWM, UPI, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग जैसे विकल्प इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।  अगर आपको हड़ताल के दौरान नकदी की जरूरत पड़ सकती है तो बैंक शाखा पर निर्भर रहने के बजाय पहले से नकदी की व्यवस्था कर सकते हैं। हालांकि ATM में नकदी की उपलब्धता अलग-अलग स्थानों पर बदल सकती है। ऑनलाइन भुगतान और रोजमर्रा के डिजिटल ट्रांजैक्शन के लिए UPI, मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग का इस्तेमाल किया जा सकता है।

ग्राहकों को क्या करना चाहिए?

  • 28 सितंबर से पहले जरूरी ब्रांच संबंधी काम निपटा लें।
  • नकदी की जरूरत है तो पहले से व्यवस्था कर लें।
  • रोजमर्रा के भुगतान के लिए UPI और डिजिटल पेमेंट का इस्तेमाल करें।
  • इंटरनेट और मोबाइल बैंकिंग को वैकल्पिक माध्यम के तौर पर इस्तेमाल करें।
  • चेक, दस्तावेज या कर्मचारी की सहायता वाले जरूरी काम आखिरी समय तक न छोड़ें।
  • अपने बैंक की ओर से जारी ताजा सूचना पर भी नजर रखें।

CG Politics: छत्तीसगढ़ की सियासत में संगठनात्मक हलचल, कार्यकर्ताओं की नाराजगी और इस्तीफों से बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी

Bank Strike 2026: फिलहाल UFBU की ओर से 28 से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिवसीय हड़ताल का आह्वान जारी है। ऐसे में ग्राहकों के लिए जरूरी है कि वे ब्रांच से जुड़े महत्वपूर्ण काम पहले ही पूरा कर लें और डिजिटल बैंकिंग विकल्पों का इस्तेमाल करने के लिए तैयार रहें।

 

Advertisement
Tags

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Close