Raipur News: मोबाइल लूट गैंग का पर्दाफाश, रायपुर से चोरी कर भेजे जाते थे ओडिशा और राजस्थान, फिर करते थे हैक-अनलॉक
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur News: रायपुर में मोबाइल लूट और चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय सिंडिकेट का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। कबीर नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, इस नेटवर्क की कड़ियां रायपुर से ओडिशा और राजस्थान तक जुड़ी थी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक संदिग्ध की पहचान शहजाद अली उर्फ भिंडी के रूप में हुई। पूछताछ के बाद उसके दो साथियों गौरव मझखंड और कृष दीप को भी गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि रायपुर से लूटे और चोरी किए गए मोबाइल ओडिशा के राजखरीयार स्थित तुकला गांव पहुंचाए जाते थे। वहां आरोपी भोदेव मेहर सॉफ्टवेयर की मदद से मोबाइल का लॉक खोलकर उन्हें सेकंड हैंड फोन के रूप में बेचता था। कुछ आईफोन और सैमसंग मोबाइल में स्पेयर मदरबोर्ड लगाकर उनकी मूल पहचान बदलने की बात भी पुलिस ने बताई है।
Raipur News: पुलिस के अनुसार, जिन मोबाइलों का लॉक ओडिशा में नहीं खुलता था, उन्हें राजस्थान के कोटा निवासी आकाश परेटा के पास भेजा जाता था। कार्रवाई में अब तक लगभग 100 चोरी और लूट की घटनाओं का खुलासा जबकि 14 मोबाइल फोन और दो लैपटॉप बरामद किए गए हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।




