खरोरा में हुए हत्या का मास्टरमाइंड निकली पत्नी,प्रेमी संग रची पति की हत्या की साजिश

प्रविंस मनहर/रायपुर – खरोरा थाना क्षेत्र के तिल्दाडीह गांव के पास युवक की संदिग्ध मौत की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। जांच में सामने आया है कि मृतक की पत्नी ही इस हत्याकांड की मास्टरमाइंड निकली। पुलिस के अनुसार, मृतक किशोर सारथी की पत्नी रोशनी का खरोरा निवासी लिलेश उर्फ भूरू के साथ अवैध संबंध था। जब किशोर को इस संबंध की जानकारी मिली, तो उसने पत्नी की पिटाई कर दी थी। इसके बाद रोशनी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। बताया जा रहा है कि आरोपी रोशनी ने अपने जेवर गिरवी रखकर प्रेमी को रुपये दिए। आरोपी लिलेश उर्फ भूरू ने किराये पर थार वाहन लिया और सुनियोजित तरीके से किशोर की बाइक को टक्कर मारी। आरोप है कि वारदात को अंजाम देते हुए किशोर को तीन से चार बार थार से कुचला गया। इसके बाद बाइक समेत शव को तिल्दाडीह गांव के पास फेंक दिया गया,ताकि मामला सड़क हादसा प्रतीत हो।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी भूरू ने धरसींवा के अपने दो साथियों के साथ मिलकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पत्नी रोशनी, प्रेमी लिलेश उर्फ भूरू समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। खरोरा थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किया है। मामले में आगे की पूछताछ और विवेचना जारी है।



