CG Heavy Rain: 2 घंटे की बारिश से बिगाड़े हालात, सड़कों पर घुटनों तक भरा पानी, निगम की कार्यप्रणाी पर उठे सवाल
दुर्ग। शहर में हुई तेज बारिश ने नगर निगम की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी। महज करीब दो घंटे की बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। शंकर नगर समेत कई वार्डों में सड़कों और चौक-चौराहों पर पानी भर जाने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सड़कों पर घुटनों तक पानी
तेज बारिश के बाद कई इलाकों में हालात ऐसे हो गए कि सड़कों पर घुटनों तक पानी जमा हो गया। चौक-चौराहे भी जलमग्न नजर आए। जलभराव के कारण स्थानीय लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा और सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ।
जल निकासी व्यवस्था पर उठे सवाल
बारिश के बाद सामने आई स्थिति को लेकर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का आरोप है कि बारिश से पहले जल निकासी को लेकर किए जाने वाले इंतजाम जमीनी स्तर पर प्रभावी नजर नहीं आ रहे हैं। नालियों और ड्रेनेज सिस्टम की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश का पानी सड़कों और रिहायशी इलाकों में जमा हो गया।
जायजा लेने नहीं पहुंचा कोई जिम्मेदार
स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भी नाराजगी है कि जलभराव से परेशान वार्डवासियों की स्थिति का जायजा लेने समय पर कोई जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। लोगों का कहना है कि हर बारिश में जलभराव की समस्या सामने आती है, लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं हो पाया है। बारिश के बाद बने हालात ने दुर्ग निगम के ड्रेनेज सिस्टम की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने जल निकासी की बेहतर व्यवस्था और समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।




