Jaipur Road Accident: बड़ा हादसा… गणेश प्रतिमा विसर्जन से लौट रही ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, चार लोगों की मौत, 14 घायल
जयपुर। Jaipur Road Accident: राजस्थान के राजसमंद जिले में गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद घर लौट रहे ग्रामीणों की ट्रैक्टर-ट्रॉली हादसे का शिकार हो गई। रेलमगरा थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर मोड़ पर ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में कुछ की हालत गंभीर होने पर उन्हें उदयपुर रेफर किया गया है।
Sukma News: चलती पुलिस वाहन में लगी भीषण आग, बाल-बाल बचे पुलिसकर्मी, आगजनी का वीडियो वायरल
तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली मोड़ पर हुई बेकाबू
जानकारी के अनुसार, हादसा गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे तुर्कीया खेड़ा गांव के पास हुआ। ग्रामीण सांसेरा जलदेवी तालाब में गणेश प्रतिमा का विसर्जन करने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान मोड़ पर वाहन का संतुलन बिगड़ गया और ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटकर खेत में जा गिरी। हादसा इतना गंभीर था कि ट्रॉली के नीचे करीब 15 से 20 लोग दब गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जेसीबी की मदद से निकाले गए दबे लोग
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। ट्रॉली के नीचे फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए जेसीबी की मदद ली गई। इसके बाद घायलों को तत्काल रेलमगरा अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में घायलों का उपचार शुरू किया गया। गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को बेहतर इलाज के लिए उदयपुर रेफर किया गया है।
तीन की मौके पर मौत, एक ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
पुलिस के अनुसार, हादसे में ट्रॉली के नीचे दबने से तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, एक घायल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में एक 12 वर्षीय बच्चा, करीब 20 वर्षीय युवती, 65 वर्षीय बुजुर्ग और एक महिला शामिल हैं। चारों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Landslide In Sikkim: यहां भारी बारिश के बाद लैंडस्लाइड, 30 से ज़्यादा घर प्रभावित, देखें वीडियो
कलेक्टर और एसपी ने लिया घटनास्थल का जायजा
Jaipur Road Accident: हादसे की सूचना मिलने के बाद जिला कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा और एसपी हेमंत कलाल मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी ली। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने जिला चिकित्सालय पहुंचकर घायलों के उपचार की स्थिति के बारे में जानकारी ली। फिलहाल पुलिस हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मोड़ पर ट्रैक्टर-ट्रॉली के अनियंत्रित होने के बाद यह दुर्घटना हुई।




