Raipur Murder News: राजधानी में युवक की हत्या कर रेलवे ट्रैक पर फेंकी लाश, आत्महत्या दिखाने की कोशिश, दोनों पैर कटे मिलने से सनसनी
हिमांशु पटेल/ रायपुर। Raipur Murder News: रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में गोगांव अंडरब्रिज के ऊपर रेलवे ट्रैक पर 19 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान छोटा अशोकनगर निवासी प्रीतम साहू के रूप में हुई है। वह नड्डा बेचने का काम करता था। पुलिस को रेलवे ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना मिली थी।
वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की स्थिति देखकर मामले को संदिग्ध माना। मृतक के दोनों पैर ट्रेन की चपेट में आने से कटे हुए थे, लेकिन शरीर पर कई अन्य गंभीर चोटों के निशान भी मिले हैं। इन चोटों ने पुलिस की आशंका बढ़ा दी है। मामले में हत्या कर शव को रेलवे ट्रैक पर डालकर आत्महत्या का रूप देने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर जांच कराई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Raipur Murder News: मामले की जांच के दौरान गोगांव और अशोकनगर के कई युवकों को पूछताछ के लिए थाने लाया गया है। पुलिस मर्ग कायम कर सभी पहलुओं से जांच कर रही है। डीसीपी नॉर्थ दीपमाला कश्यप के मुताबिक, शव की स्थिति से मौत संदिग्ध प्रतीत हो रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट होगी।




