पीएम मोदी को गाली देने के मामले में युवक गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया
दरभंगा में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान हुआ था विवाद, वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई
सिंहवाड़ा (दरभंगा): वोटर अधिकार यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी माता के खिलाफ आपत्तिजनक शब्द का इस्तेमाल करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। सिमरी थाना पुलिस ने शुक्रवार को भवानीपुर पंचायत के भपुरा निवासी मो. रिजवी उर्फ राजा (22) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। अदालत ने उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
एसडीपीओ सदर-टू एसके सुमन ने बताया कि घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसकी जांच साइबर थाना ने की। जांच में वीडियो सत्यापित पाया गया, जिसके आधार पर कार्रवाई करते हुए रिजवी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी पेशे से पंक्चर की दुकान चलाता है और गाड़ी भी चलाता है।
घटना का पृष्ठभूमि
गत 27 अगस्त को वोटर अधिकार यात्रा के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव समेत अन्य महागठबंधन नेताओं का स्वागत सिमरी थाना क्षेत्र के बिठौली चौक पर किया गया था। इसी दौरान बने मंच से पीएम मोदी और उनकी स्वर्गीय माता के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की गई थी।
यह वीडियो गुरुवार को इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद भाजपा जिलाध्यक्ष आदित्य नारायण चौधरी मन्ना के आवेदन पर सिमरी थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने शुक्रवार को रिजवी को मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी जुनैद आलम की अदालत में प्रस्तुत किया। अदालत ने उसे 11 सितंबर तक न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
मामले में अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। अभियान में सिमरी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार, सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष बसंत कुमार सहित कई अधिकारी शामिल रहे।




