LPG Cylinder E-KYC: LPG उपभोक्ताओं के लिए जरूरी खबर, 16 अगस्त से पहले निपटा ले ये जरूरी काम, वरना नहीं मिलेगा गैस सिलेंडर
नई दिल्ली। LPG Cylinder E-KYC: देशभर के एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों ने गैस कनेक्शन धारकों से 16 अगस्त 2026 तक अनिवार्य e-KYC प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। इसके लिए पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर एसएमएस भेजे जा रहे हैं। कंपनियों ने स्पष्ट किया है कि तय समय सीमा तक सत्यापन नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को घरेलू दर पर एलपीजी सिलेंडर प्राप्त करने में परेशानी हो सकती है।
SMS के जरिए भेजा जा रहा है अलर्ट
इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी कंपनियां लगातार ग्राहकों को संदेश भेज रही हैं। इन संदेशों में बताया जा रहा है कि घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति बिना किसी बाधा के जारी रखने के लिए आधार आधारित e-KYC कराना आवश्यक है। कंपनियों ने पहले भी कई बार उपभोक्ताओं को इसकी याद दिलाई थी।
उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों के लिए भी जरूरी
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के लाभार्थियों को भी निर्धारित तिथि तक e-KYC कराना अनिवार्य है। यदि समय पर सत्यापन नहीं कराया गया, तो गैस सब्सिडी और अन्य सरकारी लाभ मिलने में रुकावट आ सकती है। गौरतलब है कि वर्ष 2016 में शुरू हुई इस योजना के तहत देश में 10 करोड़ से अधिक परिवार लाभान्वित हो चुके हैं। वर्तमान व्यवस्था के अनुसार पात्र लाभार्थियों को एलपीजी सिलेंडर की रिफिल पर 300 रुपये की डीबीटी (Direct Benefit Transfer) सहायता प्रदान की जाती है।
घर बैठे भी पूरा कर सकते हैं e-KYC
तेल कंपनियों ने उपभोक्ताओं को e-KYC कराने के कई विकल्प दिए हैं। ग्राहक Indian Oil One App या संबंधित कंपनी के मोबाइल ऐप के माध्यम से घर बैठे यह प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके अलावा अपने गैस एजेंसी कार्यालय या सिलेंडर डिलीवरी करने वाले कर्मचारी की सहायता से भी e-KYC कराया जा सकता है।
अगस्त की शुरुआत में मिली थी राहत
अगस्त महीने की शुरुआत में तेल कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कटौती कर कारोबारियों को राहत दी थी। हालांकि, 14.2 किलोग्राम घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया।
वर्तमान में घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतें इस प्रकार हैं—
- दिल्ली: 942 रुपये
- मुंबई: 941.50 रुपये
- कोलकाता: 968 रुपये
- चेन्नई: 957.50 रुपये
समय रहते पूरा करें प्रक्रिया
LPG Cylinder E-KYC: तेल कंपनियों ने साफ किया है कि 16 अगस्त 2026 तक e-KYC पूरा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं को प्रक्रिया पूरी होने तक अधिसूचित घरेलू दर पर एलपीजी सिलेंडर प्राप्त करने में कठिनाई हो सकती है। इसलिए सभी गैस उपभोक्ताओं से समय रहते आधार आधारित सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की गई है।




