Ram Mandir Donation Case: राम मंदिर चढ़ावा विवाद में बड़ा एक्शन, 8 आरोपी हिरासत में, महासचिव चंपत राय ने दिया इस्तीफा
अयोध्या। Ram Mandir Donation Case: राम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी के मामले में जांच ने रफ्तार पकड़ ली है। पुलिस ने दर्ज एफआईआर में नामजद सभी आठ आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामला उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (SIT) की प्रारंभिक रिपोर्ट के बाद दर्ज किया गया है।
एफआईआर में जिन लोगों को नामजद किया गया है, उनमें रामाशंकर यादव उर्फ टिन्नू, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, मनीष यादव, सुभाष श्रीवास्तव, अविनाश शुक्ल, करुणेश पांडेय और रमाशंकर मिश्र शामिल हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार इनमें से अधिकांश लोग मंदिर में चढ़ावे की नकदी और बहुमूल्य वस्तुओं की गिनती या उससे जुड़ी प्रक्रिया में शामिल थे।
प्रारंभिक जांच के दौरान कुछ आरोपियों के ठिकानों से नकदी भी बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब बरामद रकम के स्रोत और कथित गबन से उसके संबंध की जांच कर रही है। साथ ही बैंक लेनदेन, सीसीटीवी फुटेज और अन्य दस्तावेजी साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है। वहीं श्री राम जन्मभूमि तीर्थ ट्र्स्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉक्टर अनिल मिश्रा ने इस्तीफा दे दिया है। सूत्रों के मुताबिक, मंदिर निर्माण प्रभारी गोपाल राव को भी मंदिर की व्यवस्था से बाहर कर दिया गया है।
Ram Mandir Donation Case: पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह एफआईआर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े एक सदस्य की शिकायत के आधार पर दर्ज की गई है। अब तक की जांच में ट्रस्ट की संस्थागत भूमिका को लेकर कोई प्रत्यक्ष आरोप दर्ज नहीं किया गया है। हालांकि जांच जारी है और यदि नए तथ्य सामने आते हैं तो उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसआईटी और पुलिस पूरे मामले की वित्तीय तथा तकनीकी पहलुओं से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों के खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी और मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी।




