CG Heavy Rain: छत्तीसगढ़ में बारिश से बिगड़े हालात, केलो नदी का बढ़ा जलस्तर, खोले गए डैम के चारों गेट, निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात
रायपुर। CG Heavy Rain: छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय है और लगातार हो रही बारिश का असर कई जिलों में देखने को मिल रहा है। सूरजपुर के चांदनी-बिहारपुर क्षेत्र में पिछले दो दिनों से जारी बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई जगह सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं, जबकि कुछ कच्चे मकान भी बारिश और तेज बहाव की चपेट में आ गए हैं।
तेज बहाव में बह गई पुलिया
सूरजपुर के कांतीपुर गांव में सड़क पर बनी पाइप पुलिया तेज बहाव के कारण बह गई। इसके चलते लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई है। खैरा और कांतीपुर इलाके में कई कच्चे मकानों के क्षतिग्रस्त होने की भी जानकारी सामने आई है। वहीं, रसोकी गांव से गुजरने वाली बरगा नदी का जलस्तर बढ़ने से नदी उफान पर है। आसपास के कई गांवों का सड़क संपर्क प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि उफनते नदी-नालों को पार करने का जोखिम न उठाएं और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
रायगढ़ में बढ़ा केलो नदी का जलस्तर
रायगढ़ जिले में भी पिछले 24 घंटे से बारिश का दौर जारी है। गेट खुलने के बाद केलो नदी का जलस्तर भी बढ़ गया है। वहीं, जलभराव की स्थिति को देखते हुए निगम प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। लगातार बारिश के कारण केलो नदी का जलस्तर बढ़ गया, जिसके बाद सोमवार रात केलो डैम के चार गेट खोलने पड़े। प्रशासन जलस्तर और हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।
उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्र में बने सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश में बारिश का दौर जारी है। उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में आज भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। बारिश के साथ कुछ स्थानों पर गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका भी है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
रायपुर में भी बरसेंगे बादल
राजधानी रायपुर में आज मौसम बादलों से घिरा रहने का अनुमान है। कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
अंबिकापुर रहा सबसे गर्म
पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में अंबिकापुर में सबसे अधिक 29.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं दुर्ग में न्यूनतम तापमान 22.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इन इलाकों में हुई अच्छी बारिश
प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश दर्ज की गई। कोरबा में 17 सेमी, कोटाडोल और बिहारपुर में 10-10 सेमी, अजगरबहार में 9 सेमी तथा डौंडीलोहारा में 7 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा ओडगी, रायपुर शहर, छाल और कापू में 6-6 सेमी, जबकि लाल बहादुर नगर, अंबागढ़ चौकी, लखनपुर, छुरा और दर्री में 5-5 सेमी बारिश दर्ज हुई।
अगले दो दिन भी मौसम रहेगा सक्रिय
CG Heavy Rain: मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति बन सकती है। लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से नदी, नाले और जलभराव वाले इलाकों में विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।




