‘पूरा पाकिस्तान भारत के निशाने पर’, ऑपरेशन सिंदूर की कामयाबी पर बोले लेफ्टिनेंट जनरल डी’कुन्हा – 800 से ज्यादा ड्रोन किए ढेर

पहलवान हमले का मुंहतोड़ जवाब देते हुए भारत ने पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया। जवाबी कार्रवाई में बौखलाए पाकिस्तान ने भारत पर हमला किया, जिसे भारतीय सेना ने नाकाम कर दिया। इस बीच सेना वायु रक्षा महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल सुमेर इवान डी’कुन्हा ने भारत की सैन्य शक्ति और “ऑपरेशन सिंदूर” की सफलता पर बड़ी बात कही है।
भारत की मारक क्षमता पर डी’कुन्हा का बड़ा बयान
लेफ्टिनेंट जनरल डी’कुन्हा ने कहा कि भारत के पास पाकिस्तान के हर कोने तक मार करने की क्षमता है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा, “पूरा पाकिस्तान हमारी सीमा के भीतर है। चाहे वह रावलपिंडी हो या खैबर पख्तूनख्वा, उन्हें छिपने के लिए गहरा गड्ढा खोजना पड़ेगा।”
स्वदेशी तकनीक ने निभाई बड़ी भूमिका
उन्होंने बताया कि लंबी दूरी के ड्रोन, गाइडेड हथियार प्रणाली और आधुनिक स्वदेशी तकनीक ने ऑपरेशन सिंदूर को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई है। भारत अब अपनी सीमाओं पर ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान के अंदर तक गहराई से प्रहार करने में सक्षम है।
चार दिनों में पाकिस्तान ने भेजे 800 से 1000 ड्रोन
लेफ्टिनेंट जनरल डी’कुन्हा ने खुलासा किया कि केवल चार दिनों में पाकिस्तान ने 800 से 1000 ड्रोन भारत की पश्चिमी सीमा पर भेजे। सभी ड्रोन हथियारों से लैस थे और नागरिक इलाकों को निशाना बनाने के लिए भेजे गए थे। हालांकि भारतीय सेना ने उन्हें सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया, जिससे किसी भी नागरिक को नुकसान नहीं हुआ।
कोई नागरिक हताहत नहीं, सुरक्षा पुख्ता
उन्होंने कहा कि भारतीय वायु रक्षा प्रणाली ने यह सुनिश्चित किया कि कोई भी ड्रोन अपने लक्ष्य तक न पहुंचे। “यह हमारी ताकत का सबूत है कि एक भी नागरिक हताहत नहीं हुआ,” डी’कुन्हा ने बताया।
यह बयान पाकिस्तान को स्पष्ट संदेश है कि भारत अपनी सुरक्षा के लिए पूरी तरह तैयार है और किसी भी हमले का जवाब ताकत और सटीकता से देने में सक्षम है।




