गरियाबंद अश्लील डांस मामले में 14 आरोपी गिरफ्तार, अब तक तीन पुलिसकर्मी भी निलंबित
गरियाबंद। Gariyanband Obscene Dance: गरियाबंद जिले में आयोजित एक कथित अश्लील कार्यक्रम को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आयोजन समिति से जुड़े 14 लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ शांति भंग करने और सार्वजनिक स्थल पर अश्लीलता फैलाने से संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में देवेंद्र राजपूत (31), गोविंद देवांगन (21), नरेंद्र साहू (38), हसन खान (53), हरदयाल नागेश (50), मुकेश अग्रवाल (40), लाल कृष्ण कश्यप (27), राजेश कश्यप (36), सचिन कश्यप (24), लीलाधर साहू (50), ललित कौशिक (38), विकास यादव (32), जम्बूधर (40) और उमेश यादव (25) शामिल हैं। सभी आरोपियों को देवभोग एसडीएम कोर्ट में पेश किया जाएगा।
मामले में पुलिस का कहना है कि, कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक मर्यादाओं का उल्लंघन हुआ, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति बन गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई की गई है। लापरवाही बरतने के आरोप में अब तक तीन पुलिस कर्मियों को निलंबित किया जा चुका है।
Gariyanband Obscene Dance: इसके अलावा मैनपुर एसडीएम तुलसी दास मरकाम के खिलाफ भी आज से जांच प्रक्रिया शुरू की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि, सार्वजनिक स्थलों पर अश्लील गतिविधियों और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था को बख्शा नहीं जाएगा। मामले की जांच अभी जारी है और आगे और भी कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।




