Delhi Alert: 15 अगस्तर से पहले राजधानी में हाई अलर्ट, चस्पा किए गए 19 मोस्ट वॉन्टेड आतंकियों के पोस्टर, लोगों से सतर्क रहने की अपील
नई दिल्ली। Delhi Alert: स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है। 15 अगस्त के आयोजन से पहले संभावित आतंकी खतरे को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने पूरे शहर में हाई अलर्ट जारी किया है। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने प्रमुख स्थानों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और बाजारों में 19 वांछित आतंकियों के पोस्टर लगाए हैं। पुलिस का उद्देश्य आम लोगों को भी सतर्क करना है, ताकि किसी संदिग्ध व्यक्ति की पहचान होने पर उसकी जानकारी तुरंत सुरक्षा एजेंसियों तक पहुंचाई जा सके।
Parliament Monsoon Session: संसद में आज फिर हंगामे के आसार, लोकसभा की कार्यवाही दो बजे तक स्थगित
अलग-अलग आतंकी संगठनों से जुड़े नाम शामिल
दिल्ली पुलिस की ओर से लगाए गए पोस्टरों में विभिन्न आतंकी संगठनों से जुड़े वांछित आरोपियों की तस्वीरें और पहचान संबंधी जानकारी दी गई है। सूची में इंडियन मुजाहिदीन से जुड़े रियाज भटकल और शबांदरी मोहम्मद इकबाल उर्फ इकबाल भटकल के नाम शामिल हैं। इसके अलावा अल-कायदा से जुड़े मोहम्मद शर्जील अख्तर, अबू सुफियान और सैयद मोहम्मद अर्शियान का भी उल्लेख किया गया है। पोस्टरों में कई खालिस्तानी आतंकी संगठनों से जुड़े वांछित आरोपियों की तस्वीरें भी लगाई गई हैं।
खालिस्तानी संगठनों से जुड़े कई संदिग्धों के पोस्टर
दिल्ली पुलिस की सूची में खालिस्तान जिंदाबाद फोर्स से जुड़े रंजीत सिंह उर्फ नीता और परमजीत सिंह पम्मा के नाम शामिल हैं। वहीं खालिस्तान टाइगर फोर्स से जुड़े अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डाला तथा बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े हरविंदर सिंह संधू उर्फ रिंडा, वधावा सिंह बब्बर और गुरमीत सिंह बग्गा के नाम भी पोस्टरों में प्रमुखता से दिए गए हैं।
15 अगस्त को लेकर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
स्वतंत्रता दिवस और गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय आयोजनों के दौरान दिल्ली में सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाती है। इसी क्रम में पुलिस ने इस बार भी संभावित खतरों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई है। प्रमुख सरकारी प्रतिष्ठानों, सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस की टीमें भी सक्रिय हैं।
संदिग्ध दिखे तो तुरंत पुलिस को दें सूचना
दिल्ली पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि पोस्टरों में दिखाई गई तस्वीरों में से किसी व्यक्ति की पहचान होने या किसी संदिग्ध के बारे में जानकारी मिलने पर खुद कार्रवाई करने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने 112 हेल्पलाइन समेत संबंधित विशेष प्रकोष्ठ के संपर्क माध्यमों से जानकारी साझा करने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक, सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और उपयोगी जानकारी देने वाले को नियमानुसार इनाम भी दिया जा सकता है।
सुरक्षा के लिए आम लोगों से सहयोग की अपील
Delhi Alert: पुलिस का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस के दौरान किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज नहीं किया जाना चाहिए। लावारिस वस्तु, संदिग्ध व्यक्ति या असामान्य गतिविधि नजर आने पर तत्काल सुरक्षा एजेंसियों को सूचित करना जरूरी है। राजधानी में बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस ने लोगों से सहयोग और सतर्कता बनाए रखने की अपील की है, ताकि 15 अगस्त का राष्ट्रीय पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराया जा सके।




