[t4b-ticker]
Advertisement
छत्तीसगढ़ट्रेंडिंग-न्यूज़बड़ी खबरबिलासपुरब्रेकिंग न्यूज़

Bilaspur Violence: बिलासपुर में हिंसक झड़प के बाद धारा 163 लागू, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

बिलासपुर। Bilaspur Violence: शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में बीती रात हुए हिंसक विवाद और पथराव के बाद प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। खपरगंज इलाके में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद तनाव को देखते हुए कोतवाली क्षेत्र में धारा 163 लागू कर दी गई है। इसके तहत बिना अनुमति जुलूस, सभा या भीड़ एकत्र करने पर रोक रहेगी। फिलहाल पुलिस ने हालात को नियंत्रण में बताया है।

सोशल मीडिया पोस्ट से शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, पूरा विवाद सोशल मीडिया पर सामने आए एक कथित विवादित पोस्ट के बाद शुरू हुआ। पोस्ट को लेकर खपरगंज क्षेत्र में दो पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई। देखते ही देखते मामला गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गया। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा हो गए और एक-दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक बिगड़े हालात से इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।

थाने और आसपास की दुकानों में तोड़फोड़

हंगामा बढ़ने के दौरान उपद्रवियों ने कोतवाली थाने के अलावा आसपास के घरों और दुकानों को भी नुकसान पहुंचाया। लगातार हो रहे पथराव को रोकने के लिए पुलिस को कड़ी कार्रवाई करनी पड़ी। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसू गैस के गोले छोड़े। कार्रवाई के दौरान तारबाहर थाना प्रभारी रवि तिवारी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पथराव में कुछ आम लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।

मुंगेली और जांजगीर से बुलाया गया अतिरिक्त बल

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मुंगेली और जांजगीर से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया। कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह भी देर रात तक कोतवाली में मौजूद रहे और पूरे घटनाक्रम की निगरानी करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। फिलहाल संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं और लगातार गश्त की जा रही है।

CCTV और वीडियो फुटेज से होगी पहचान

पुलिस ने अब हिंसा और तोड़फोड़ में शामिल लोगों की पहचान शुरू कर दी है। घटनास्थल के CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग और सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो को खंगाला जा रहा है। फुटेज के आधार पर पथराव और तोड़फोड़ करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों या भड़काऊ सामग्री पर भरोसा नहीं करने की अपील की है। पुलिस सोशल मीडिया गतिविधियों पर भी नजर रख रही है।

Bilaspur Violence:  अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की आपत्तिजनक या भड़काऊ पोस्ट को आगे साझा करने से बचें। फिलहाल पुलिस बल की मौजूदगी और लगातार निगरानी के बीच इलाके में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

Advertisement
Tags

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Close