जेल में विधायक बालेश्वर साहू से मिलने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, सत्ता पक्ष पर लगाए गंभीर आरोप, कहा- उन्हें अपने गिरेबान में…
जांजगीर। Janjgir News: छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत आज जिला जेल पहुंचे। जहां उन्होंने जैजैपुर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू से मुलाकात की। जेल के भीतर दोनों नेताओं के बीच पूरे मामले को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। वहीं जेल से बाहर निकलकर मीडिया से बातचीत में डॉ. महंत ने सत्ता पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए।
उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, विधायक बालेश्वर साहू के खिलाफ की गई कार्रवाई पूरी तरह राजनीतिक बदले की भावना से प्रेरित है। एक सामान्य जीवन जीने वाले जनप्रतिनिधि को सत्ता के दबाव में जेल भेजना लोकतंत्र के लिए बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और यह विपक्ष को दबाने की साजिश का स्पष्ट उदाहरण है।
Janjgir News: डॉ. महंत ने पार्टी छोड़ने की मांग करने वाले नारायण चंदेल के बयान पर भी तीखा पलटवार करते हुए कहा कि, आरोप लगाने से पहले उन्हें अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि, सभी दस्तावेज, फिंगर प्रिंट और हस्ताक्षर जांच विधायक के पक्ष में हैं, इसके बावजूद दबाव में कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि, बालेश्वर साहू की जमानत के लिए पुनः न्यायालय में आवेदन किया जाएगा और कांग्रेस इस अन्याय के खिलाफ पूरी मजबूती से लड़ाई लड़ेगी।




