वित्त मंत्रालय ने बैंकों को जारी किया आदेश, साइबर सिक्योरिटी मजबूत करने के निर्देश

नई दिल्ली। साइबर अपराधों से बचाने के लिए वित्त मंत्रालय की तरफ से बैंकों को लेकर निर्देश जारी किए गए हैं। यूको बैंक में हाल ही में हुई घटना को ध्यान में रखते हुए सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों से अपने डिजिटल संचालन से संबंधित प्रणालियों और प्रक्रियाओं की समीक्षा करने को कहा है।
बताया जा रहा है कि मंत्रालय ने बैंकों को सलाह दी है कि वे अपनी साइबर सुरक्षा की मजबूती की जांच करें और उसे मजबूत करने के उपाय करें। बैंकों को कड़ी निगरानी रखनी चाहिए और भविष्य के साइबर खतरों के लिए तैयार रहना चाहिए।
वित्तीय क्षेत्र में बढ़ते डिजिटलीकरण के बीच वित्त मंत्रालय और भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) नियमित अंतराल पर बैंकों को इस बारे में जागरूक करते रहे हैं। पिछले हफ्ते सार्वजनिक क्षेत्र के यूको बैंक में तत्काल भुगतान सेवा (IMPS) के माध्यम से कुछ लोगों के खातों में गलत तरीके से 820 करोड़ रुपये चले गए थे।




