Ghaziabad Crime News: बर्थडे पार्टी बना मौत का जाल, युवक को शराब पिलाकर धारदार हथियार से उतारा मौत के घाट, फिर घर के बाहर फेंका शव
गाजियाबाद। Ghaziabad Crime News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र स्थित न्यू शांति नगर में 23 वर्षीय युवक की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान मोहित के रूप में हुई है। आरोप है कि उसे जन्मदिन की पार्टी का बहाना बनाकर बुलाया गया, जहां धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वारदात बुधवार देर रात हुई। हमलावरों ने मोहित पर कई बार धारदार हथियार से वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल पर घर के अंदर और बाहर तक खून के निशान मिले हैं। परिजनों का आरोप है कि हत्या के बाद आरोपी शव को घर के बाहर फेंककर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर साक्ष्य जुटाए और वैज्ञानिक तरीके से जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम ने कई महत्वपूर्ण नमूने एकत्र किए हैं, जिन्हें जांच के लिए भेजा गया है।
मृतक के परिजनों का कहना है कि यह कोई अचानक हुई घटना नहीं, बल्कि पहले से रची गई साजिश का हिस्सा थी। उनका आरोप है कि कुछ महीने पहले मोहित का कुछ युवकों से विवाद हुआ था। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था, लेकिन आरोपी लगातार उसके संपर्क में बने रहे। परिजनों का दावा है कि आरोपी मोहित को हरिद्वार और खाटू श्याम की यात्रा पर भी अपने साथ ले गए थे और तभी से उसकी हत्या की योजना बनाई जा रही थी।
परिजनों के मुताबिक, बुधवार रात आरोपियों ने जन्मदिन मनाने के नाम पर मोहित को बुलाया और देर रात उस पर जानलेवा हमला कर दिया। उनका कहना है कि इस वारदात में एक से अधिक लोग शामिल थे और सभी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
Ghaziabad Crime News: पुलिस ने मामले में तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में एहतियात के तौर पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और कानून-व्यवस्था पर नजर रखी जा रही है।




