अंतरजातीय विवाह के डेढ़ साल बाद युवक की हत्या, गन्ने के खेत में मिला शव
डेढ़ साल पहले अंतरजातीय प्रेम विवाह कर गांव-समाज की बंदिशों को तोड़ने वाला सौरभ कुमार अब अपनी ही जिंदगी से हाथ धो बैठा. शुक्रवार की सुबह शिकारपुर थाना क्षेत्र के लौकरिया गांव के गन्ने के खेत से उसका शव बरामद हुआ. गला रेतकर और चाकू से गोदकर उसकी बेरहमी से हत्या की गई थी.

नरकटियागंज (पचं) : शिकारपुर के लौकरिया गांव की सुबह उस वक्त सन्नाटे में बदल गई, जब गन्ने के खेत से एक युवक का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ. ग्रामीण खेत में काम करने पहुंचे थे, तभी उनकी नजर पड़ी और तुरंत पुलिस को खबर दी.
पुलिस पहुंची तो सामने था 30 वर्षीय सौरभ कुमार का निर्जीव शरीर. गला रेतकर और चाकू से गोदकर उसकी बेरहमी से हत्या की गई थी. सौरभ नरकटियागंज के हरदिया वार्ड 20 का रहने वाला था और बीते कई दिनों से बहन के साथ लौकरिया के पास रह रहा था.

परिजनों ने बताया कि रात करीब 12 बजे किसी ने मैसेज कर उसे घर से बुलाया था. मना करने पर भी वह निकला और फिर लौटा नहीं. सुबह उसकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को तोड़ दिया.
सौरभ की निजी जिंदगी भी चर्चा में रही है. डेढ़ साल पहले उसने अंतरजातीय प्रेम विवाह कर वर्षा प्रिया से शादी की थी. दोनों पटना में रहकर काम करते थे, लेकिन हाल ही में वह गांव लौटा था.
पुलिस को घटनास्थल से कई अहम सुराग मिले हैं. एफएसएल की टीम ने साक्ष्य जुटाए और कॉल डिटेल खंगाली जा रही है. थानाध्यक्ष ज्वाला सिंह का कहना है कि कुछ संदिग्धों के नाम सामने आए हैं और जल्द ही मामले का उद्भेदन कर लिया जाएगा.




