टेक-ऑफ करते ही गिरा 242 लोगों से भरा विमान….अहमदाबाद में प्लेन क्रैश, काले धुएं से भर गया आसामान

अहमदाबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट से लंदन के लिए उड़ान भरने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 बुधवार दोपहर टेक-ऑफ के तुरंत बाद हादसे का शिकार हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, विमान ने दोपहर 1:39 बजे रनवे 23 से उड़ान भरी थी और मात्र एक मिनट में 625 फीट की ऊंचाई तक पहुंचा, लेकिन इसके बाद अचानक नीचे गिरने लगा और बड़ा धमाका हुआ।
फ्लाइट के एडीएस-बी (ADS-B) डेटा से पता चलता है कि विमान की ऊंचाई 625 फीट थी और उसके बाद वह -475 फीट प्रति मिनट की वर्टिकल स्पीड के साथ तेजी से नीचे गिरने लगा। वीडियो फुटेज में देखा गया कि विमान टेक-ऑफ के तुरंत बाद असंतुलित हो गया और सीधा नीचे की ओर गिरा।
विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें 2 पायलट, 10 केबिन क्रू मेंबर्स और यात्री शामिल थे। कैप्टन सुमीत सभरवाल और फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर विमान को उड़ा रहे थे।
एटीसी (एयर ट्रैफिक कंट्रोल) के अनुसार, विमान ने टेक-ऑफ के बाद मेडे कॉल जरूर दी थी, लेकिन उसके बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल की ओर से किए गए किसी भी कॉल का जवाब नहीं मिला। हादसे के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।




