प्रदेश में कोरोना के 19 नए मामले, अब तक 153 संक्रमित हो चुके हैं लोग

रायपुर। दूसरे राज्यों के मजदूरों के आने से लगातार कोरोना के आंकड़े बढ़ रहे हैं। गुरुवार को 17 नए केस मिलने के बाद शुक्रवार को अभी तक 19 नए मामले सामने आ चुके हें। हालांकि बिलासपुर कोविड-19 अस्पताल में भर्ती 3 कोरोना संक्रमितों को स्वस्थ होने के बाद छुट्टी दे दी गई है। तीनों जांजगीर के रहने वाले हैं। वहीं प्रदेश में अब तक कुल केस 151 हो गए हैं।
प्रदेश में कांकेर से 3 नए मामले सामने आ चुके हैं। वहीं बिलासपुर से एक नया केस मिला है। वहीं, बेमेतरा और बलरामपुर जिले में भी कोरोना ने दस्तक दी है। यहां से 1-1 केस सामने आया है। प्रदेश के हॉटस्पॉट रहे कोरबा से फिर 13 नए केस मिले हैं। यह सभी दिल्ली से लौटे थे। अभी तक इनमें से 62 लोग ठीक होकर घर लौटे हैं। खास बात यह है कि संक्रमण के 50 से ज्यादा मामले महज 3 दिन में ही मिले हैं। इनमें से ज्यादातर बाहर से आने वाले श्रमिक हैं।
राज्य सरकार ने कोरोना संक्रमण के बढ़ रहे मामलों को देखते हुए मई माह के हर शनिवार और रविवार को पूरी तरह से लॉकडाउन रखने का निर्णय लिया है। इसको लेकर आदेश जारी कर दिए गए हैं। इसी के तहत चतुर्थ शनिवार 23 मई को राज्य में सामान्य अवकाश घोषित कर दिया गया है।




