9वीं कक्षा के छात्र ने मचाया कहर, स्कूल में की अंधाधुंध फायरिंग, 6 की मौत, 15 घायल
बैंकॉक। Thailand School Firing: थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के नजदीक एक स्कूल में हुई गोलीबारी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। नॉनथाबुरी के बांग क्रुआई इलाके में स्थित डेबसीरिन नॉनथाबुरी स्कूल में एक छात्र ने कथित तौर पर फायरिंग कर दी। घटना में 3 स्कूल टीचर और 3 छात्र समेत 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 अन्य घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों में तीन शिक्षक और तीन छात्र शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, गोलीबारी करने वाला छात्र भी इसी स्कूल में पढ़ता था। जांच में पता चला कि स्कूल जाने से पहले छात्र ने अपने घर में दादा-दादी की हत्या की थी। बाद में दोनों के शव घर से बरामद हुए। पुलिस ने बताया कि फायरिंग में इस्तेमाल की गई 9 एमएम पिस्टल छात्र के दादा की थी, जो पेशे से शिक्षक थे। हमले के बाद आरोपी छात्र भी गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि कुछ मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक छात्र ने खुद को गोरी मारकर आत्महत्या करने की बात कही जा रही है। फिलहाल इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि छात्र ने यह वारदात क्यों की, इसकी जांच की जा रही है।
9वीं कक्षा में पढ़ता था आरोपी छात्र
स्थानीय पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हमलावर 9वीं कक्षा का छात्र था और उसकी उम्र करीब 14 वर्ष होने की संभावना है। अचानक स्कूल परिसर में गोलियों की आवाज सुनाई देने के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय स्कूल में मौजूद एक 18 वर्षीय छात्र ने बताया कि शुरुआत में उसे लगा कि आवाज बंदूक की नहीं है।
इसके बाद लगातार कई गोलियां चलने की आवाज आई। कुछ समय के लिए गोलीबारी रुकी और फिर दोबारा फायरिंग शुरू हो गई। घटना के बाद स्कूल परिसर में बड़ी संख्या में आपातकालीन सेवाओं की गाड़ियां पहुंचीं। घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता दी गई और उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया
घटना के बाद सामने आई तस्वीरों में स्कूल के बाहर कई एंबुलेंस दिखाई दीं। बड़ी संख्या में छात्रों को स्कूल परिसर से बाहर निकाला गया। कुछ घायलों को मौके पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल लोगों को अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद स्कूल और आसपास के इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई।
पहले भी हो चुकी हैं स्कूल फायरिंग की घटनाएं
थाईलैंड में स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर हिंसक घटनाओं का इतिहास रहा है। इस साल फरवरी में दक्षिणी थाईलैंड के हात याई क्षेत्र के एक स्कूल में गोलीबारी की घटना सामने आई थी, जिसमें एक शिक्षक की मौत हुई थी और एक छात्र घायल हुआ था। वहीं, अक्टूबर 2022 में नोंग बुआ लामफू प्रांत में एक पूर्व पुलिस अधिकारी ने बंदूक और चाकू से हमला किया था। उस घटना में बच्चों समेत बड़ी संख्या में लोगों की जान गई थी।
सख्त हथियार कानूनों के बावजूद चुनौती
थाईलैंड में हथियारों को लेकर कानून कड़े माने जाते हैं और अवैध रूप से बंदूक रखने पर 10 साल तक की सजा का प्रावधान बताया जाता है। इसके बावजूद देश में नागरिकों के पास हथियारों की संख्या दक्षिण-पूर्व एशिया के अन्य देशों की तुलना में काफी अधिक मानी जाती है। पिछले कुछ वर्षों में थाईलैंड में गोलीबारी की कई गंभीर घटनाएं सामने आई हैं। पिछले साल बैंकॉक के एक फूड मार्केट में हुई फायरिंग में भी पांच लोगों की मौत हुई थी।
स्कूलों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
#थाइलैंड#छात्र ने स्कूल में चलाई #गोलियां, कई लोगों की #मौत, कई घायल #Thailand#ThailandShooting#SchoolShooting#MultiplePeoplekilled#20injured#SchoolShooting#BangKruai#PublicSafety#WorldNews#Asia#DevelopingStory#ThailandNews#CurrentEventsHorror#Nonthaburi… pic.twitter.com/bbwOLm2vIq
— Goldy Srivastav (@GoldySrivastav) August 7, 2026




