Three Mysterious Deaths: एक ही परिवार के 3 लोगों की रहस्यमयी मौत, पत्नी और बेटे की हत्या के बाद कारोबारी ने दी जान, मौके से सुसाइड नोट बरामद
मांड्या। Three Mysterious Deaths: कर्नाटक के मांड्या जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। शुरुआती तौर पर मामला सामूहिक आत्महत्या का लग रहा था, लेकिन पुलिस जांच में जो सच सामने आया उसने सभी को झकझोर कर रख दिया। नेहरू नगर क्षेत्र में रहने वाले कपड़ा व्यवसायी प्रभाकर, उनकी पत्नी ज्योति और बेटे संतोष मृत पाए गए। ज्योति और संतोष के शव घर के भीतर एक कमरे में मिले, जबकि प्रभाकर का शव उनकी कपड़ों की दुकान में फंदे से लटका हुआ बरामद हुआ।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला, जिसने इस पूरे मामले की परतें खोल दी। जांच में सामने आया कि प्रभाकर ने पहले अपनी पत्नी और इकलौते बेटे की गला घोंटकर हत्या की और इसके बाद अपनी दुकान पहुंचकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
सुसाइड नोट में बयां किया दर्द
प्रभाकर ने अपने लिखे नोट में आर्थिक संकट को इस कदम की मुख्य वजह बताया है। नोट के अनुसार, कपड़ों का कारोबार लगातार घाटे में चल रहा था और व्यापार लगभग बंद होने की स्थिति में पहुंच गया था। कारोबार बचाने और घरेलू जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने निजी वित्त कंपनियों से ऊंची ब्याज दरों पर कर्ज लिया था।
व्यापार में नुकसान होने के कारण वह समय पर कर्ज नहीं चुका पा रहा था। इससे कर्ज वसूली करने वाले एजेंटों का दबाव बढ़ता गया। लगातार मानसिक तनाव, आर्थिक परेशानियों और भविष्य को लेकर बढ़ती चिंता ने उसे पूरी तरह तोड़ दिया। इसी हताशा में उसने यह भयावह कदम उठा लिया।
बहू को नहीं थी घटना की जानकारी
इस घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि प्रभाकर के बेटे संतोष की शादी महज डेढ़ महीने पहले हुई थी। परिवार में शादी की खुशियां अभी फीकी भी नहीं पड़ी थीं कि यह त्रासदी सामने आ गई। घटना वाली रात संतोष की नवविवाहित पत्नी घर के दूसरे हिस्से में सो रही थी। उसे इस वारदात की कोई जानकारी नहीं मिली। अगले दिन सुबह जब वह नाश्ता तैयार कर अपनी सास को बुलाने कमरे में पहुंची तो उसके सामने भयावह दृश्य था। इसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।
परिजनों को नहीं थी आर्थिक संकट की जानकारी
प्रभाकर के भाई वेंकटराम ने बताया कि परिवार में किसी को भी उसकी आर्थिक परेशानियों की गंभीरता का अंदाजा नहीं था। उन्होंने कहा कि बेटे की शादी के समय भी प्रभाकर ने कभी आर्थिक मदद की जरूरत नहीं बताई थी। उन्होंने उसे केवल ऊंची ब्याज दर पर कर्ज लेने से बचने की सलाह दी थी।
जांच में जुटी पुलिस
Three Mysterious Deaths: मांड्या की पुलिस अधीक्षक शोभारानी ने बताया कि घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट को जांच में शामिल किया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि किन वित्तीय संस्थाओं या एजेंटों द्वारा कथित रूप से दबाव बनाया जा रहा था। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और सुसाइड नोट में दर्ज तथ्यों की पुष्टि की जा रही है। इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर आर्थिक तनाव और कर्ज के बढ़ते दबाव के सामाजिक प्रभावों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




