Husband Murder Wife: हैवान पति की शर्मनाक करतूत, पत्नी को जहर देकर उतारा मौत के घाट, बच्चों के सिर से उठा मां का साया
सूरजपुर। Husband Murder Wife: छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है। रामानुजनगर थाना क्षेत्र में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर पति पर पत्नी को जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया गया है।
जानकारी के अनुसार, कोरिया जिले के अंगा गांव निवासी आरती का विवाह लगभग पांच वर्ष पहले लेडुवा गांव निवासी दिनेश साहू से हुआ था। दंपति के दो छोटे बच्चे हैं। आरोप है कि घरेलू विवाद के दौरान पति ने पत्नी के साथ मारपीट की और उसे जहरीला पदार्थ पिला दिया, जिससे उसकी तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई।
मृतका के पिता ने पुलिस को बताया कि घटना वाले दिन उनके दामाद ने फोन कर कहा कि वह उनकी बेटी से परेशान है और उसे अपने साथ ले जाने की बात कही। कुछ देर बाद आरोपी ने दोबारा फोन कर सूचना दी कि आरती ने जहर खा लिया है और उसे जिला अस्पताल ले जाया जा रहा है।
सूचना मिलने पर पिता तत्काल सूरजपुर जिला अस्पताल पहुंचे। उनका आरोप है कि इलाज के दौरान जब आरती को होश आया, तब उसने अपने पिता को बताया कि उसके पति ने पहले उसके साथ मारपीट की और फिर जबरन जहर खिलाया। इसके बाद उसकी हालत फिर बिगड़ गई और उसे बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
Husband Murder Wife: मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। चूंकि मामला नवविवाहिता की मृत्यु से जुड़ा था, इसलिए नियमानुसार कार्यपालिक दंडाधिकारी की उपस्थिति में पंचनामा और अन्य वैधानिक प्रक्रिया पूरी की गई। जांच के बाद मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया। रामानुजनगर थाना पुलिस ने आरोपी दिनेश साहू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




