Independence Day 2026: स्वतंत्रता दिवस पर PCC चीफ दीपक बैज का भाजपा सरकार पर प्रहार, बिजली बिल मुद्दे पर CM हाउस घेराव का ऐलान
रायपुर। Independence Day 2026: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार ढाई साल के भीतर ही जनता के बीच अलोकप्रिय हो गई है और कानून-व्यवस्था, किसानों, युवाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा बिजली जैसे मुद्दों पर सरकार विफल साबित हुई है। उन्होंने बढ़ते बिजली बिलों और बिजली दरों को लेकर सरकार को घेरते हुए आंदोलन तेज करने तथा आने वाले समय में मुख्यमंत्री निवास के घेराव का भी ऐलान किया।
स्वतंत्रता दिवस पर जारी अपने संदेश में दीपक बैज ने देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को याद किया। उन्होंने कहा कि आजादी पूर्वजों और स्वतंत्रता सेनानियों की अमूल्य धरोहर है, जिसे अक्षुण्ण बनाए रखना हर भारतीय का कर्तव्य है। बैज ने कहा कि मंगल पांडे, रानी लक्ष्मीबाई, भगत सिंह, अशफाक उल्ला खां, रामप्रसाद बिस्मिल, चंद्रशेखर आजाद और वीरनारायण सिंह सहित अनेक स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान ने आजादी की लड़ाई को मजबूती दी। उन्होंने बस्तर के भूमकाल आंदोलन के नायक गुंडाधुर सहित अन्य नायकों के योगदान का भी उल्लेख किया।
कांग्रेस अध्यक्ष ने स्वतंत्रता के बाद देश के निर्माण में कांग्रेस की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू के नेतृत्व में देश को मजबूत और लोकतांत्रिक राष्ट्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में काम हुआ। उन्होंने बड़े बांधों, इस्पात संयंत्रों, IIT, IIM, AIIMS, ISRO और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों की स्थापना का उल्लेख करते हुए इसे देश के विकास की मजबूत नींव बताया।
केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना
दीपक बैज ने अपने संदेश में केंद्र की सत्ता और भाजपा की विचारधारा पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि आजादी की लड़ाई और देश के नवनिर्माण में कांग्रेस के योगदान को लेकर सवाल खड़े किए जा रहे हैं तथा इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश करने की कोशिश हो रही है। उन्होंने लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता, परीक्षा प्रणाली और चुनाव प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठाए। बैज ने कहा कि युवा रोजगार और शिक्षा सहित विभिन्न मुद्दों को लेकर आंदोलनरत हैं और कांग्रेस युवाओं तथा लोकतंत्र की आवाज उठाने का काम कर रही है।
छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने छत्तीसगढ़ सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हुई है और अपराध की घटनाओं से आम लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को खाद-बीज की समस्या का सामना करना पड़ रहा है, परीक्षाओं में कथित नकल और धांधली से युवा परेशान हैं तथा कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन और शिक्षक सरकार से नाराज हैं। बैज ने स्कूलों के बंद होने, स्वास्थ्य व्यवस्था, सड़कों की स्थिति और अन्य जनसमस्याओं को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की जनता महंगाई और बढ़ते बिजली बिलों से परेशान है।
बिजली बिल के मुद्दे पर आंदोलन और CM हाउस घेरने का ऐलान
दीपक बैज ने कहा कि भाजपा सरकार ने पांच बार बिजली के दाम बढ़ाए हैं और कांग्रेस सरकार के दौरान संचालित 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना बंद कर दी गई। उन्होंने स्मार्ट मीटरों को लेकर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उपभोक्ताओं को अधिक बिजली खपत के बिल मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बढ़ते बिजली बिलों और सरकार की नीतियों के विरोध में कांग्रेस प्रदेशभर में जन सत्याग्रह कर रही है। पार्टी के कार्यकर्ता मोहल्लों, गांवों, शहरों और कस्बों में लोगों के घर-घर जाकर फॉर्म भरवा रहे हैं। इसके बाद ब्लॉक और जिला स्तर पर बिजली विभाग के कार्यालयों का घेराव किया जाएगा। दीपक बैज ने ऐलान किया कि आने वाले समय में कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर मुख्यमंत्री निवास का भी घेराव करेगी।
संगठन को बताया तैयार
बैज ने कहा कि कांग्रेस संगठन को मजबूत करने का काम किया जा रहा है। जिलों, ब्लॉकों, मंडलों के साथ पंचायत, वार्ड और बूथ स्तर पर संगठनात्मक ढांचे को तैयार किया गया है। जिलाध्यक्षों का प्रशिक्षण हो चुका है और अब ब्लॉक तथा बूथ स्तर पर प्रशिक्षण की शुरुआत की जाएगी।
Independence Day 2026: उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संघर्ष करने की अपील करते हुए कहा कि पार्टी का लक्ष्य प्रदेश में जनता की खुशहाली और सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने की अपील की।




