Narayanpur News : फिर गर्माया धर्मांतरण का मुद्दा, ‘प्रेस’ लिखी गाड़ी से गांव पहुंचे पास्टर, विरोध के बाद दोनों पक्षों में झड़प
नारायणपुर। Narayanpur News : छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के भरंडा थाना क्षेत्र में सोमवार रात धार्मिक गतिविधियों को लेकर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। कथित धर्मांतरण के आरोपों के बीच दो समूहों के बीच विवाद बढ़ने पर मारपीट की घटना सामने आई, जिसमें कुछ लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सोमवार शाम एक वाहन, जिस पर ‘प्रेस’ लिखा हुआ था, गांव पहुंचा। ग्रामीणों का आरोप है कि वाहन में सवार कुछ लोग एक घर में धार्मिक कार्यक्रम में शामिल थे। इसकी जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और आपत्ति जताने लगे। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई, जो बाद में झड़प में बदल गई। घटना में कुछ ग्रामीणों को चोटें आई हैं, जिनमें एक महिला भी शामिल बताई जा रही है।
वहीं सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना के बाद नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर बैठकर विरोध प्रदर्शन किया और मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि प्रेस लिखे वाहन का उपयोग किए जाने से पत्रकारिता की छवि प्रभावित हो रही है।
गांव में पुलिस बल तैनात
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और दोनों पक्षों से बातचीत कर तनाव कम करने का प्रयास कर रहा है।




