अमेरिका: वर्जीनिया की सरकारी बिल्डिंग में गोलीबारी, 12 की मौत, 6 घायल

नई दिल्ली : अमेरिका में एक बार फिर खुलेआम गोलीबारी की घटना सामने आई है. ताजा घटनाक्रम में शनिवार को अमेरिका के वर्जीनिया के बीच पर मास शूटिंग में 12 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 6 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं.
न्यूज एजेंसी रॉय़टर्स के मुताबिक, हमलावर ने जब गोलीबारी की तो सभी कर्मचारी अपने डेस्क पर बैठे थे और काम कर रहे थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस गोलीबारी में हमलावर की भी मौत हो गई है. हमलावर भी वर्जीनिया का ही बताया जा रहा है, वह इसी शहर में नौकरी करता था. उसने नगरपालिका केंद्र में स्थानीय समयानुसार लगभग 5 बजे गोलीबारी की. एक कर्मचारी ने कहा कि जब वह गोली चला रहा था तो लोग अपने डेस्क पर बैठे थे और काम कर रहे थे.
पहले भी कई बार हो चुकी हैं इस तरह की घटनाएं
वर्जीनिया बीच, वाशिंगटन डीसी से लगभग चार घंटे की दूरी पर वर्जीनिया राज्य में अटलांटिक तट पर 500,000 लोगों की आबादी वाला शहर है. राज्य के गवर्नर राल्फ नॉर्थम ने कहा कि उनकी टीम हालात पर नजर बनाई हुई है. बता दें कि अमेरिका में फायरिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. अभी हाल ही में डेंवर के एक स्कूल में फायरिंग में 1 बच्ची की मौत और 7 घायल हो गए थे.




