MLA Omkar Sahu: जनक राम ध्रुव और चातुरी नंदन के बाद अब इस विधायक ने सीएम को लिखा पत्र, की नकटी ग्राम पंचायत में आबंटित भूमि बदलने की मांग
रायपुर। MLA Omkar Sahu: राजधानी रायपुर के माना स्थित नकटी ग्राम पंचायत में प्रस्तावित विधायक कॉलोनी को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। धमतरी विधायक ओंकार साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर विधायक कॉलोनी के लिए आवंटित भूमि बदलने की मांग की है।
अपने पत्र में विधायक ओंकार साहू ने आग्रह किया है कि नकटी गांव के बजाय नवा रायपुर में उपलब्ध सरकारी भूमि पर विधायक कॉलोनी का निर्माण कराया जाए। उनका कहना है कि नकटी गांव में प्रस्तावित परियोजना का स्थानीय स्तर पर व्यापक विरोध हो रहा है और बड़ी संख्या में ग्रामीण इस फैसले से प्रभावित होंगे।
विधायक ने पत्र में उल्लेख किया है कि सैकड़ों ग्रामीणों का आशियाना उजाड़कर विधायक कॉलोनी का निर्माण करना उचित नहीं होगा। उन्होंने कहा कि वर्षों से वहां रह रहे परिवारों को विस्थापित करने के बजाय सरकार को वैकल्पिक भूमि का चयन करना चाहिए, जिससे विकास कार्य भी प्रभावित न हो और ग्रामीणों के हित भी सुरक्षित रहें।
ओंकार साहू ने मुख्यमंत्री से इस मामले में संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए नवा रायपुर में भूमि आवंटित करने का सकारात्मक निर्णय लेने का अनुरोध किया है। उनका कहना है कि नवा रायपुर में पर्याप्त सरकारी भूमि उपलब्ध है, जहां बिना किसी विवाद के विधायक कॉलोनी विकसित की जा सकती है।
MLA Omkar Sahu: गौरतलब है कि नकटी गांव में प्रस्तावित विधायक कॉलोनी को लेकर पहले से ही विरोध प्रदर्शन और राजनीतिक बयानबाजी जारी है। विपक्ष लगातार सरकार पर ग्रामीणों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगा रहा है, जबकि सरकार प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की बात कह चुकी है। ऐसे में ओंकार साहू का यह पत्र इस मुद्दे को लेकर सियासी बहस को और तेज कर सकता है।





