Sakti News: एकलव्य छात्रावास में छात्र की मौत, परिजनों ने अधीक्षक और शिक्षकों पर लगाए आरोप, मौके पर पहुंचे गुरु खुशवंत साहेब
सक्ती। Sakti News: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के पलाड़ी खुर्द स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। छात्रावास में रहने वाले कक्षा 9वीं के छात्र ओमेश कुमार कंवर, निवासी ग्राम बासीन, का शव छात्रावास के शौचालय में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
परिजनों ने शव लेने से किया इनकार
घटना के बाद मृतक छात्र के परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया। उनका आरोप है कि छात्रावास अधीक्षक सहित तीन शिक्षकों की कथित प्रताड़ना से परेशान होकर ओमेश ने यह आत्मघाती कदम उठाया। परिजनों ने आरोपित शिक्षकों को तत्काल निलंबित करने, उनके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने और पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
पहले भी हुई थी छात्रावास की शिकायत
मामले ने उस समय और गंभीर रूप ले लिया, जब यह जानकारी सामने आई कि कुछ दिन पहले इसी छात्रावास के छात्र-छात्राओं ने जिला कलेक्टर से मिलकर भोजन की गुणवत्ता, छात्रावास की अव्यवस्थाओं और कथित प्रताड़ना की शिकायत की थी। परिजनों का कहना है कि यदि उस शिकायत पर समय रहते कार्रवाई होती, तो शायद यह घटना टाली जा सकती थी।
परिसर का गेट बंद करने का आरोप
घटना के बाद जब मीडिया की टीम छात्रावास पहुंची, तो आरोप है कि एक शिक्षक ने परिसर का मुख्य गेट बंद कर दिया, ताकि छात्रावास की स्थिति और छात्रों की समस्याएं सामने न आ सकें। हालांकि, इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कई अभिभावकों ने भी छात्रावास की भोजन व्यवस्था, सुरक्षा और छात्रों के साथ कथित दुर्व्यवहार को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मंत्री गुरु खुशवंत साहेब से मिले परिजन
मृतक छात्र के परिजन राज्य के मंत्री गुरु खुशवंत साहेब से भी मिले और पूरे मामले से अवगत कराया। मंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक (SP) को निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी की लापरवाही या दोष सिद्ध होता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस जांच जारी
Sakti News: पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजनों द्वारा लगाए गए प्रताड़ना और लापरवाही के आरोपों की सत्यता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और छात्रावास की व्यवस्थाओं पर भी कई सवाल खड़े हो गए हैं।




