Bhopal Accident: रफ्तार का कहर…तेज रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, पति-पत्नी समेत दामाद की मौत
भोपाल। Bhopal Accident: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के ग्रामीण इलाके में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने तीन लोगों की जान ले ली। सुखी सेवनिया थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार पति-पत्नी और उनके दामाद की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद कार में सवार लोग वाहन छोड़कर फरार हो गए।
विदिशा में कार्यक्रम से लौट रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, तीनों लोग विदिशा जिले में आयोजित एक रसोई कार्यक्रम में शामिल होने के बाद बाइक से अपने घर वापस जा रहे थे। इसी दौरान जब वे सुखी सेवनिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत पहुंचे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोग उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। गंभीर चोटें लगने के कारण उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
हादसे के बाद हुए फरार कार सवार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के समय कार में करीब पांच लोग मौजूद थे। हादसे के बाद कार सवार वाहन को मौके पर छोड़कर वहां से भाग निकले। घटना की जानकारी मिलते ही सुखी सेवनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने तीनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। वहीं, दुर्घटना में शामिल कार को जब्त कर लिया गया है।
सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की तलाश
Bhopal Accident: पुलिस ने फरार कार सवारों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि घटना के बाद फरार हुए लोगों का पता लगाया जा सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




