Indian Bride No Jewellery: न सोने का हार, न झुमके… बढ़ती महंगाई के दौर में दुल्हन का अनोखा फैसला, बिना गहनों के रचाई शादी, सादगी बनी चर्चा का विषय
Indian Bride No Jewellery: भारतीय शादियों में दुल्हन का सोने और हीरे के भारी-भरकम आभूषणों से सजा होना आम बात मानी जाती है। लेकिन एक दुल्हन ने इस परंपरा से अलग रास्ता चुनते हुए अपनी शादी के हर समारोह में बिना किसी महंगे गहने के शामिल होकर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
दुल्हन ने केवल एक खूबसूरत मैरून साड़ी पहनकर और चेहरे पर आत्मविश्वास भरी मुस्कान के साथ शादी की रस्में निभाईं। उसने न भारी हार पहना, न बड़े झुमके और न ही अन्य पारंपरिक आभूषण। उसकी सादगी और आत्मविश्वास की सोशल मीडिया पर जमकर सराहना हो रही है। कई लोगों का कहना है कि उसकी मुस्कान और व्यक्तित्व ने किसी भी महंगे गहने की कमी महसूस नहीं होने दी।
यह फैसला ऐसे समय में सामने आया है, जब सोने की कीमतें लगातार नई ऊंचाइयों पर पहुंच रही हैं। ऐसे में कई परिवार शादी के खर्च और गहनों की खरीद के कारण आर्थिक दबाव का सामना करते हैं। दुल्हन का यह कदम इस सोच को बढ़ावा देता है कि शादी की खूबसूरती केवल महंगे आभूषणों में नहीं, बल्कि सादगी, आत्मविश्वास और रिश्तों की गर्माहट में भी होती है।
Indian Bride No Jewellery: बदलते दौर में कई युवा जोड़े अब दिखावे से ज्यादा आर्थिक समझदारी को प्राथमिकता दे रहे हैं। गहनों पर लाखों रुपये खर्च करने की बजाय वे भविष्य की जरूरतों, बचत और निवेश को अधिक महत्व दे रहे हैं। यही कारण है कि इस दुल्हन का फैसला सोशल मीडिया पर प्रेरणादायक उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है। इस अनोखी शादी ने यह संदेश दिया है कि जीवन की सबसे बड़ी खुशियां आभूषणों की चमक से नहीं, बल्कि अपनेपन, आत्मविश्वास और सादगी से जुड़ी होती हैं।




