CG Accident: स्कूल बस की चपेट में आई दूसरी कक्षा की छात्रा, अस्पताल ले जाते समय मौत, हादसे पर ग्रामीणों में आक्रोश
कोरिया। CG Accident: छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले के सोनहत विकासखंड के ग्राम धनपुर से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल में कक्षा दूसरी में पढ़ने वाली मासूम छात्रा प्रिंसी की स्कूल बस की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है, वहीं ग्रामीणों में आक्रोश भी देखा जा रहा है।
स्कूल जाते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, आज सुबह करीब 7:30 बजे प्रिंसी रोज की तरह स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान वह स्कूल बस की चपेट में आ गई। हादसे में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन और आसपास के लोग उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में ही मासूम ने दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद चालक फरार
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्कूल बस को अपने कब्जे में ले लिया। वहीं, हादसे के बाद बस चालक के मौके से फरार होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और चालक की तलाश की जा रही है।
स्कूल बसों की सुरक्षा पर उठे सवाल
CG Accident: मासूम छात्रा की मौत के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। लोगों ने स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था, वाहन संचालन और चालकों की जिम्मेदारी को लेकर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों की मांग है कि हादसे के लिए जिम्मेदार चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए और बच्चों की सुरक्षा को लेकर स्कूल बसों की व्यवस्था की गंभीरता से जांच हो। हादसे ने एक बार फिर स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही और स्कूल बसों की निगरानी व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।




