Punjab Train Fire: कर्मभूमि एक्सप्रेस के 4 डिब्बों में लगी भीषण आग, यात्रियों में मची चीख-पुकार, जान बचाकर ट्रेन से कूदे लोग
आग लगने की जानकारी मिलते ही ट्रेन को तत्काल रोक दिया गया। डिब्बों से तेजी से धुआं उठता देखकर यात्रियों में दहशत फैल गई। अपनी जान बचाने के लिए लोग जल्दबाजी में ट्रेन से नीचे उतरने लगे। इस दौरान कई यात्रियों के अपना सामान तक छोड़कर बाहर निकलने की जानकारी सामने आई है। घटनास्थल के आसपास धुएं का घना गुबार दिखाई दिया।
ट्रेन के चार डिब्बे आग की चपेट में आए
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रेन नंबर 12508 कर्मभूमि एक्सप्रेस के इंजन से पांचवें डिब्बे में आग लगने की सूचना मिली थी। देखते ही देखते आग ने आसपास के डिब्बों को भी अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि कुल चार डिब्बे प्रभावित हुए हैं। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और आपातकालीन टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग बुझाने का प्रयास किया गया। शुरुआती स्तर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि रेलवे की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
रेलवे ने क्या कहा?
नॉर्दर्न रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) हिमांशु शेखर उपाध्याय ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि सराय बंजारा स्टेशन के पास ट्रेन का सेफ्टी सिस्टम सक्रिय होने के बाद गाड़ी सुरक्षित तरीके से रुक गई थी। उन्होंने बताया कि आग पर काबू पाने के लिए कार्रवाई जारी है और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं। CPRO के मुताबिक, फिलहाल किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।
जांच में जुटा रेलवे
Punjab Train Fire: कर्मभूमि एक्सप्रेस अमृतसर से न्यू जलपाईगुड़ी के बीच संचालित होती है। ट्रेन में अचानक आग लगने की घटना से यात्रियों में भय का माहौल बन गया। कई यात्रियों ने अपनी जान बचाने के लिए ट्रेन से बाहर निकलना ही सुरक्षित समझा। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। रेलवे की ओर से घटना की जांच की जा रही है। अधिकारियों की प्राथमिकता आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाने और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की है।




