CG NEWS:14 हाथियों के दल ने मचाया उत्पात,फसल रौंदी,दंतैल हाथी की मौजूदगी से बढ़ा हाथी-मानव संघर्ष का खतरा

प्रविंस मनहर/रायपुर- सरगुजा जिले के उदयपुर क्षेत्र में 14 हाथियों के दल की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। हाथियों का दल केदमा क्षेत्र में पहुंच गया है, जहां हाथियों ने करीब 4 हेक्टेयर धान की फसल को रौंदकर नुकसान पहुंचाया है। इस घटना से करीब दो दर्जन किसान प्रभावित हुए हैं। हाथियों के लगातार विचरण को देखते हुए केसमा, सायर, केदमा, डुफाखार, बुले, बसवार और लालपुर इलाके में अलर्ट जारी किया गया है। वन विभाग ने हाथियों की निगरानी के लिए 3 टीमें तैनात की हैं, जो 24 घंटे हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही हैं।
वहीं वन विभाग की अपील के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण हाथियों को देखने और उनका पीछा करने जंगल और नदी तक पहुंच गए। इससे हाथी-मानव संघर्ष का खतरा बढ़ गया है। वन विभाग ने ग्रामीणों से हाथियों के करीब नहीं जाने और उन्हें घेरने की कोशिश नहीं करने की अपील की है। बताया जा रहा है कि 14 हाथियों के इस दल में एक दंतैल हाथी भी शामिल है, जो वन विभाग के लिए अतिरिक्त चुनौती बना हुआ है। हाथियों की लगातार आवाजाही से आसपास के गांवों में भय का माहौल है। वन विभाग की टीमें हाथियों की लोकेशन पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।




