Road Accident: उफनते नाले ने छीनी 7 जिंदगियां, एक साथ हुआ परिवार का अंतिम संस्कार, सात चिताएं देख गमगीन हुआ गांव
भुवनेश्वर। Road Accident: मध्य प्रदेश के आगर-मालवा जिले में बारिश के दौरान उफनते नाले में कार बहने से जान गंवाने वाले भुवनेश्वर के एक ही परिवार के सात सदस्यों का सोमवार तड़के पुरी के स्वर्गद्वार में अंतिम संस्कार किया गया। हादसे के बाद शवों को विशेष व्यवस्था के तहत मध्य प्रदेश से ओडिशा लाया गया।
देर रात भुवनेश्वर पहुंचे शव
गढ़काना इलाके के रहने वाले परिवार के सातों सदस्यों के शव सोमवार रात करीब 1:30 बजे भुवनेश्वर पहुंचे। मध्य प्रदेश के आगर-मालवा जिले से वरिष्ठ अधिकारियों की टीम और पुलिसकर्मी शवों को लेकर ओडिशा पहुंचे। शवों के भुवनेश्वर पहुंचने के बाद राज्य के कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन, पुलिस कमिश्नर एस. देव दत्त सिंह और स्थानीय विधायक अनंत नारायण जेना, सुशांत कुमार राउत और बाबू सिंह ने मृतकों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद परिवार और प्रशासन की मौजूदगी में सभी शवों को पुरी ले जाया गया, जहां स्वर्गद्वार में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई।
कानून मंत्री ने जताया दुख
कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह बेहद पीड़ादायक हादसा है, जिसमें परिवार ने सात सदस्यों को खो दिया। उन्होंने भगवान जगन्नाथ से शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में हिम्मत देने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि परिवार को हुए इस नुकसान की भरपाई संभव नहीं है। वहीं, मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने प्रत्येक मृतक के परिजन को 4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
पुलिस कमिश्नर एस. देव दत्त सिंह ने भी परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन और स्थानीय समाज इस मुश्किल समय में परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री की ओर से भी शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की गई है।
मध्य प्रदेश से अधिकारी जरूरी दस्तावेज लेकर पहुंचे
मृतकों के शवों के साथ भुवनेश्वर पहुंचे मध्य प्रदेश सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि परिवार को FIR की प्रति, मृत्यु प्रमाण पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज सौंप दिए गए हैं। अधिकारी के अनुसार, पोस्टमार्टम से संबंधित रिपोर्ट भी स्थानीय तहसीलदार को ईमेल के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि परिवार को आगे की सरकारी प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
मां बगलामुखी मंदिर से लौटते समय हुआ हादसा
यह दर्दनाक हादसा शनिवार सुबह आगर-मालवा जिले में नलखेड़ा के पास हुआ था। बताया गया कि परिवार के सदस्य मां बगलामुखी मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे। इसी दौरान लगातार बारिश के कारण नाला उफान पर आ गया और उनकी कार तेज बहाव की चपेट में आकर बह गई। हादसे में कार में सवार परिवार के सभी सात सदस्यों की मौत हो गई।
हादसे में इन लोगों की गई जान
Road Accident: मृतकों की पहचान सिबा प्रसाद बेहरा (43), ज्ञानेंद्र कुमार बेहरा (40), रीता रानी बेहरा (36), राधा रानी बेहरा (34), कृष्णा राजबीर (13), साई स्वर्ण प्रवाह बेहरा (6) और साई स्वास्तिक बेहरा (10) के रूप में हुई है। हादसे की खबर भुवनेश्वर पहुंचने के बाद परिवार और इलाके में शोक का माहौल है। एक ही परिवार के सात लोगों की मौत ने सभी को गहरे सदमे में डाल दिया है।




