UP Home Guard Recruitment: होमगार्ड भर्ती परीक्षा में अब तक 4 अभ्यर्थियों की मौत, आखिर क्या है इन मौतों की वजह, क्या कहते हैं डॉक्टर
लखनऊ। UP Home Guard Recruitment: उत्तर प्रदेश में होमगार्ड भर्ती के लिए आयोजित की जा रही शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के दौरान अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ने के मामले सामने आए हैं। पिछले चार दिनों में चार अभ्यर्थियों की मौत हो चुकी है। इनमें दो घटनाएं मेरठ, जबकि एक-एक मामला लखनऊ और मुरादाबाद से सामने आया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी मामलों में अभ्यर्थियों की तबीयत दौड़ के दौरान अचानक बिगड़ी। उन्हें तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई गई, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मेरठ में दो अभ्यर्थियों की जान गई
मेरठ के कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में PET के दौरान दो अभ्यर्थियों की मौत हुई। बताया गया कि 15 सितंबर को अंकुज मलिक की दौड़ के दौरान तबीयत खराब हुई। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। इसके अगले दिन तरुण कुमार भी दौड़ के दौरान अस्वस्थ हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
लखनऊ में भी अभ्यर्थी की मौत
लखनऊ की रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित शारीरिक परीक्षा के दौरान योगेंद्र कुमार की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मुरादाबाद में दौड़ पूरी होने से पहले गिरे अभ्यर्थी
मुरादाबाद में PET के दौरान शिवम यादव दौड़ पूरी करने से करीब 50 से 70 मीटर पहले अचानक जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद लोगों और अधिकारियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
कई अन्य अभ्यर्थियों की भी बिगड़ी तबीयत
चार मौतों के अलावा PET के दौरान कई अन्य अभ्यर्थियों के बीमार पड़ने की जानकारी भी सामने आई है। मेरठ में परीक्षा के पहले दिन करीब 11 अभ्यर्थियों की तबीयत खराब हुई थी, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। लगातार सामने आ रहे इन मामलों के बाद अभ्यर्थियों की शारीरिक तैयारी और परीक्षा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
4.8 किलोमीटर की दौड़, 28 मिनट का समय
होमगार्ड भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा में अभ्यर्थियों को 4.8 किलोमीटर की दौड़ 28 मिनट में पूरी करनी होती है। स्टेडियम में निर्धारित दूरी पूरी करने के लिए अभ्यर्थियों को कई चक्कर लगाने पड़ते हैं। ऐसे में लंबे समय तक दौड़ने के लिए शरीर को पहले से तैयार करना जरूरी माना जाता है। अचानक अधिक शारीरिक दबाव पड़ने से कुछ अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ने की आशंका रहती है।
डॉक्टर ने दी तैयारी और हाइड्रेशन की सलाह
UP Home Guard Recruitment: लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल के मेडिकल सुपरीटेंडेंट डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव के मुताबिक, किसी भी शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल होने से पहले अभ्यर्थियों को पर्याप्त समय देकर अपनी फिटनेस पर काम करना चाहिए। उन्होंने करीब एक महीने पहले से नियमित दौड़ और अभ्यास शुरू करने की सलाह दी। उनका कहना है कि बिना पर्याप्त तैयारी के अचानक लंबी दूरी की दौड़ लगाने से शरीर पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है। इसके साथ ही अभ्यर्थियों को दौड़ से पहले उचित मात्रा में पानी और इलेक्ट्रोलाइट लेने, पर्याप्त भोजन करने और खाली पेट दौड़ में शामिल होने से बचने की सलाह दी गई है। चार अभ्यर्थियों की मौत के बाद अब PET के दौरान मेडिकल इंतजाम और अभ्यर्थियों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।


